एजेंसी न्यूज

उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे: मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने मंगलवार को दावा किया कि इस वर्ष राज्य में 35 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे और इनमें से 25 करोड़ पौधरोपण आज हो रहा है.

उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे: मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी (Photo Credits ANI)

लखनऊ, 6 जुलाई : उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ (Yogi Adityanath) ने मंगलवार को दावा किया कि इस वर्ष राज्य में 35 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे और इनमें से 25 करोड़ पौधरोपण आज हो रहा है. योगी ने मंगलवार को चित्रकूट जिले के मानिकपुर विकासखंड के मड़ैयन ग्राम पंचायत के मजरा से‍हरिन के पास वन महोत्‍वस के अंतर्गत '' पौध रोपण जन आंदोलन-2022 अभियान'' की शुरुआत की और इस मौके पर पीपल, बरगद, पाकड़ (हरिशंकरी) के पौधे रोपित किये. राज्य सरकार के मंत्रियों ने अलग-अलग जिलों में पौध रोपण कर अभियान को आगे बढ़ाया. उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को मंगलवार को अयोध्या में पौधारोपण अभियान में शामिल होना था लेकिन हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ जाने की वजह से उनका दौरा रद्द कर दिया गया.

राज्‍य के दूसरे उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक प्रयागराज, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व जल शक्ति मंत्री स्‍वतंत्र देव सिंह गोरखपुर तथा वित्त मंत्री सुरेश खन्‍ना मेरठ में इस अभियान में शामिल हुए. मंगलवार को यहां जारी एक सरकारी बयान के अनुसार मुख्‍यमंत्री ने चित्रकूट में समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार चित्रकूट सहित संपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आज यहां 32 करोड़ 86 लाख रुपये से अधिक लागत की 15 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 82 करोड़ 54 लाख रुपये से अधिक लागत की 28 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया यह भी पढ़ें : दिल्ली की शराब नीति: थोक विक्रेताओं की मदद कर रहे निजी खिलाड़ियों के हाथ में व्यापार

योगी ने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधों को रोपा जाएगा, जिनमें से 25 करोड़ पौधों का रोपण आज संपन्न किया जा रहा है. उनके अनुसार इस कार्य में समस्त जनप्रतिनिधियों और शासन प्रशासन के अधिकारियों का सहयोग प्राप्त हो रहा है. उन्‍होंने कहा कि आगामी दो दिनों में पांच करोड़ पौधों को रोपा जाएगा, साथ ही, आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 15 अगस्त, 2022 को पांच करोड़ पौधे रोपित किए जाएंगे तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में 75-75 पौधों के रोपण का कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 06, 2022 01:11 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).