देश की खबरें | असम में ‘पाकिस्तान का समर्थन’ करने के आरोप में 34 लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत में रहकर पाकिस्तान का बचाव करने के आरोप में राज्य के विभिन्न हिस्सों से सात और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है।
गुवाहाटी, 29 अप्रैल असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत में रहकर पाकिस्तान का बचाव करने के आरोप में राज्य के विभिन्न हिस्सों से सात और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है।
शर्मा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, ‘‘असम में कुल 34 देशद्रोहियों को जेल भेजा गया है।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने कछार, चिरांग, हैलाकांडी, कामरूप, लखीमपुर, सोनितपुर और दक्षिण सलमारा जिलों से आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में विपक्षी दल ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) विधायक अमीन-उल-इस्लाम भी शामिल हैं, जिन पर पहलगाम हमले में पाकिस्तान और उसकी संलिप्तता का कथित रूप से बचाव करने के लिए राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया है।
नगांव मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने अमीन-उल-इस्लाम की जमानत याचिका खारिज कर दी और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
शनिवार को शर्मा ने कहा था कि यदि आवश्यक हुआ तो गिरफ्तार लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के प्रावधान भी लगाए जाएंगे।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा था, ‘‘भारत और पाकिस्तान के बीच कोई समानता नहीं है। दोनों देश दुश्मन देश हैं और हमें ऐसे ही रहना चाहिए।’’
गत 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे। मारे गए लोगों में ज्यादातर पर्यटक थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)