बिहार में कोविड-19 से 33 और लोग संक्रमित पाए गए, कुल मामले 1,178 हुए
राज्य स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि 33 नए मामलों में से सबसे अधिक 14 मामले मधुबनी जिले में सामने आए हैं। इसके बाद भोजपुर में छह और समस्तीपुर में तीन मामले सामने आए।
पटना, 17 मई बिहार में 65 वर्षीय महिला समेत कम से कम 33 और लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,178 हो गई है।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि 33 नए मामलों में से सबसे अधिक 14 मामले मधुबनी जिले में सामने आए हैं। इसके बाद भोजपुर में छह और समस्तीपुर में तीन मामले सामने आए।
उन्होंने बताया कि दो-दो मामले जमुई, पूर्णिया और सिवान में तथा एक-एक मामला पटना, भागलपुर, कैमूर और लखीसराय में सामने आया है।
कुमार ने शनिवार देर रात ट्वीट किया, ‘‘बिहार में कोविड-19 से 33 और लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद कुल मामले 1178 हो गए हैं। हम उनके संपर्क में आए लोगों का पता लगा रहे हैं।’’
उन्होंने अपने ट्वीट के साथ 33 मरीजों की आयु और उनके निवास स्थान की सूची भी जारी की है।
राज्य में अब 718 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है।
बिहार में अभी तक कोविड-19 से सात लोग जान गंवा चुके हैं। दो लोगों की पटना तथा एक-एक व्यक्ति की रोहतास, मुंगेर, वैशाली, पूर्वी चम्पारण और सीतामढ़ी में मौत हुई। सभी सातों लोगों को पहले से ही अन्य बीमारियां थीं।
इस संक्रामक रोग से अब तक 453 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
दिल्ली, गुजरात तथा महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों से लौटे प्रवासियों में से 454 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
राज्य के सात केंद्रों में अभी तक कोविड-19 के 44,340 नमूनों की जांच की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2020 12:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

