देश की खबरें | अगले तीन साल में आईएमडी में 33 डॉप्लर राडार शामिल किए जाएंगे: रीजीजू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू ने बुधवार को घोषणा की कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) अपने डॉप्लर राडार नेटवर्क का विस्तार करेगा और अगले तीन वर्षों में 33 राडार को शामिल करेगा।

नयी दिल्ली, 26 जुलाई पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू ने बुधवार को घोषणा की कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) अपने डॉप्लर राडार नेटवर्क का विस्तार करेगा और अगले तीन वर्षों में 33 राडार को शामिल करेगा।

रीजीजू ने यहां मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की मौसम पूर्वानुमान प्रणाली दुनियाभर की सभी प्रणालियों से बेहतर है और बीते कुछ सालों में उसके नतीजे सटीक रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि 2014 से आईएमडी ने बेहतरीन काम किया है।

रीजीजू ने कहा, “इस अवधि के दौरान पूरे देश में 22 डॉप्लर राडार सफलतापूर्वक शामिल किए गए, जो भारत में निर्मित हैं और ये हमारी आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित करते हैं।”

उन्होंने निजी क्षेत्र से मौसम-पूर्वानुमान-संबंधी उपकरण बनाने के लिए आगे आने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों में देश में डॉप्लर राडार की संख्या 35 से बढ़ाकर 68 कर दी जाएगी।

रीजीजू ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के मद्देनजर मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की भूमिका अहम हो गई है।

रीजीजू ने कहा, “हम आपदाओं को तो रोक नहीं सकते हैं, लेकिन आईएमडी की चेतावनियों का पालन कर उनका प्रभाव कम कर सकते हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि राज्यों को अपनी एजेंसियों से आईएमडी के अलर्ट का उपयोग करने का आग्रह करना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\