अलीबाग, आठ जून महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के तालिये गांव में भूस्खलन प्रभावितों के पुनर्वास के तहत 271 मकान प्रशासन द्वारा बनाये जा रहे हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जुलाई 2021 में भारी वर्षा के बाद एक पहाड़ी का ऊपरी हिस्सा ढहकर गिर गया था और उसके मलबे के नीचे दबकर 87 लोगों की मौत हो गयी थी ।
रायगढ़ के जिलाधिकारी योगेश म्हासे ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कुल 271 में से 66 मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है जबकि अन्य 38 मकान इस साल दिवाली तक बनकर तैयार हो जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘ महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण की मदद से महाद तालुका के तालिये गांव में 271 मकान बनाये जा रहे हैं। हर परिवार को 623 वर्गफुट का घर मिलेगा। ये मकान भूकंपरोधी होंगे।’’
उन्होंने कहा कि उनमें 66 मकान अब तक बन चुके हैं और प्रशासन इन मकानों को भूस्खलन प्रभावितों को सौंपेगा।
तालिये में 22 जुलाई, 2021को भूस्खलन हुआ था जिससे 87 लोगों की जान चली गयी थी।
अधिकारियों ने बताया कि इस भूस्खलन में जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गये थे, उन लोगों के वास्ते कॉलोनी बनाने के लिए रायगढ़ जिला प्रशासन ने जमीन ली थी क्योंकि प्रभावित स्थान पर मकान बनाना संभव नहीं था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY