एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | केरल के कोच्चि में अवैध रूप से रह रहे 27 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के कोच्चि में अवैध रूप से रहकर काम कर रहे 27 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | केरल के कोच्चि में अवैध रूप से रह रहे 27 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

कोच्चि (केरल), 31 जनवरी केरल के कोच्चि में अवैध रूप से रहकर काम कर रहे 27 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इन बांग्लादेशी नागरिकों को एर्नाकुलम जिले के उत्तरी परवूर क्षेत्र में एर्नाकुलम ग्रामीण पुलिस और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि बांग्लादेशी नागरिक पश्चिम बंगाल के प्रवासी श्रमिक बनकर विभिन्न स्थानों पर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

एर्नाकुलम ग्रामीण जिला पुलिस प्रमुख वैभव सक्सेना ने दो सप्ताह पहले 28 वर्षीय तस्लीमा बेगम की गिरफ्तारी के बाद ‘ऑपरेशन क्लीन’ नामक एक विशेष अभियान शुरू किया था जिसके तहत ये गिरफ्तारियां की गई हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि उत्तरी परवूर में बांग्लादेशी नागरिकों के रहने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एर्नाकुलम ग्रामीण पुलिस की एक टीम ने एटीएस की सहायता से तलाशी ली।

उन्होंने बताया कि उनके दस्तावेजों की जांच से पता चला कि वे बांग्लादेशी नागरिक हैं जो अवैध रूप से भारत में रह रहे थे और खुद को भारतीय नागरिक बता रहे थे।

पुलिस के अनुसार, वे पश्चिम बंगाल से सीमा पार कर आए थे और उन्होंने कोच्चि पहुंचने से पहले एजेंटों के माध्यम से आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज हासिल किए थे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि ये बांग्लादेशी नागरिक विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत थे, जिनमें से कुछ श्रमिक शिविरों में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस स्तर पर अधिक विस्तृत जानकारी का खुलासा नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संभवत: यह एक महीने के भीतर देश में बांग्लादेशी नागरिकों की सबसे बड़ी गिरफ्तारी हो सकती है।

पुलिस ने बताया कि इन गिरफ्तारियों के साथ इस महीने एर्नाकुलम ग्रामीण जिला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिरासत में लिए गए बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है।

गिरफ्तारियों के बाद पुलिस ने अवैध रूप से सीमा पार कराने और फर्जी पहचान पत्र एवं आधार कार्ड जारी करने में शामिल एजेंटों का पता लगाने के लिए पश्चिम बंगाल में अपनी जांच का विस्तार करने का फैसला किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 31, 2025 12:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).