एजेंसी न्यूज

श्रीलंका में कोरोना वायरस से प्रभावित 27 क्षेत्र पूरी तरह प्रतिबंधित : अधिकारी

अधिकारियों ने बताया कि श्रीलंका में 665 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसमें से 140 लोग पूरी तरह ठीक हो गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि 16 और लोगों में बृहस्पतिवार को संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसमें नौ और नौसैन्य कर्मी शामिल थे।

श्रीलंका में कोरोना वायरस से प्रभावित 27 क्षेत्र पूरी तरह प्रतिबंधित : अधिकारी

कोलंबो, एक मई श्रीलंका के अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना वायरस के 31 मुख्यत: प्रभावित क्षेत्रों में से 27 को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। इनमें कोविड-19 के सबसे बड़े क्लस्टर के रूप में उभरा नौसैन्य अड्डा भी शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि श्रीलंका में 665 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसमें से 140 लोग पूरी तरह ठीक हो गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि 16 और लोगों में बृहस्पतिवार को संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसमें नौ और नौसैन्य कर्मी शामिल थे।

पुलिस उपमहानिरीक्षक अजित रोहना ने शुक्रवार को कहा, “स्वास्थ्य अधिकारियों ने करीब 31 प्रभावित क्षेत्रों की पहचान की है। इनमें से 27 पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिए गए हैं।”

उन्होंने कहा कि सरकार की खुफिया सेवा की सूचना के मुताबिक, कोरोना वायरस के मरीज इन्हीं 31 प्रभावित क्षेत्र से हैं।

रोहना ने कहा कि उत्तरी कोलंबो उपनगर में एक स्थान पर नशे के आदी लोगों के एक समूह ने स्थिति को और जटिल बना दिया है।

उन्होंने बताया कि इस समूह के लोग शहर के कुछ स्थानों पर आते-जाते रहे।

डेली मिरर की खबर के मुताबिक, रोहना ने कहा कि जा-ऐला के सुदुवेल्ला का प्रभावित क्षेत्र अलग था और नशे के आदी लोग उस क्षेत्र में वायरस फैलने के पीछे मुख्य कारण हैं।

श्रीलंका नौसैन्य कर्मी उस वक्त संक्रमित हुए जब उन्होंने नशेड़ियों के समूह की तलाश के लिए अभियान शुरू किया और उन्हें पकड़ कर पृथक-वास में भेज दिया। उनसे करीब 226 नौसैन्य कर्मी और सेना के चार सैनिक संक्रमित हो गए।

नौसैन्य कर्मियों के संक्रमित होने की जानकारी मिलने के बाद नौसेना की एक टुकड़ी को पूरी तरह बंद कर दिया गया।

श्रीलंका में फिलहाल पूरी तरह लॉकडाउन लागू है और यहां चार मई तक कर्फ्यू लगा हुआ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 05:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).