ताजा खबरें | भारतीय रेलवे में राजपत्रित, अराजपत्रित संवर्ग के 2,63,913 पद रिक्त : सरकार

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. सरकार ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि भारतीय रेलवे में अभी राजपत्रित और अराजपत्रित संवर्ग के 2,63,913 पद रिक्त हैं तथा रिक्तियों को भरा जाना एक सतत प्रक्रिया है।

नयी दिल्ली, दो अगस्त सरकार ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि भारतीय रेलवे में अभी राजपत्रित और अराजपत्रित संवर्ग के 2,63,913 पद रिक्त हैं तथा रिक्तियों को भरा जाना एक सतत प्रक्रिया है।

लोकसभा में कनिमोई करूणानिधि, एम सेल्वराज, कौशलेन्द्र कुमार, पी आर नटराजन और हिबी ईडेन के प्रश्न के लिखित उत्तर में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी। सदस्यों ने पूछा था कि क्या सरकार को भारतीय रेल में कर्मचारियों की भारी कमी की जानकारी है? उन्होंने रिक्त पदों का ब्यौरा भी मांगा था।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा लोकसभा में पेश आंकड़ों के अनुसार, रेलवे में एक जुलाई 2023 की स्थिति के अनुसार राजपत्रित संवर्ग के 2,680 पद और अराजपत्रित संवर्ग के 2,61,233 पद रिक्त हैं।

उन्होंने बताया कि हाल ही में लगभग 2.37 करोड़ उम्मीदवारों की कम्प्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित करके 1,39,050 उम्मीदवारों को पैनलबद्ध करने के लिए एक वृहद भर्ती प्रक्रिया पूरी की है।

वैष्णव ने बताया कि एक अप्रैल 2022 से 30 जून 2023 की अवधि के दौरान ‘ग्रुप सी’ के विभिन्न पदों के तहत 1,36,773 उम्मीदवारों को पैनलबद्ध किया गया है, जिसमें संरक्षा श्रेणी के 1,11,728 पद शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि भारतीय रेल में पदों का रिक्त होना और उन्हें भरा जाना एक सतत प्रक्रिया है जो इसके आकार, स्थानिक वितरण और परिचालन की महत्ता पर निर्भर करता है।

उन्होंने बताया कि रिक्त पदों को मुख्यत: परिचालन संबंधी जरूरतों के अनुसार भर्ती एजेंसियों को रेलवे द्वारा मांगपत्र देकर भरा जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\