धारावी में कोविड-19 के 26 नए मामले, झुग्गी-बस्ती इलाके में संक्रमितों की संख्या 86 हुई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को एक और व्यक्ति की संक्रमण से मौत होने के साथ ही झुग्गी बस्ती में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई।
मुंबई, 16 अप्रैल मुंबई के धारावी में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के 26 नए मामले सामने आने के साथ ही इस झुग्गी-बस्ती इलाके में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 86 हो गई है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को एक और व्यक्ति की संक्रमण से मौत होने के साथ ही झुग्गी बस्ती में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इससे पहले बृहस्पतिवार को 11 व्यक्ति कोविड-19 से संक्रमित पाये गए थे जबकि 15 और मामले बाद में सामने आये। इससे धारावी में कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 26 हो गई।’’
अधिकारी ने बताया कि इनमें से 11 मामले धारावी के मुस्लिम नगर क्षेत्र से, चार मुकुंद नगर, दो-दो सोशल नगर और राजीव नगर तथा एक-एक मामला साई राज नगर, ट्रांजिट कैम्प, रामजी चाल, लक्ष्मी चाल, जनता सोसाइटी, शिव शक्ति नगर और सर्वोदय नगर इलाकों से सामने आए।
अधिकारी ने कहा, ‘‘लक्ष्मी चाल क्षेत्र के 58 वर्षीय व्यक्ति की बृहस्पतिवार को कोविड-19 से मौत हो गई जिससे धारावी में इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई।’’
धारावी एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी-बस्ती है। इस अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाके में बनी झुग्गियों में करीब 15 लाख लोग रहते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 16, 2020 06:39 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

