Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में भोजन करने के बाद आईटीबीपी के 26 जवान बीमार
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अपने शिविर में भोजन करने के बाद भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के 26 जवान बीमार हो गए हैं. राजनांदगांव जिले के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जिले के मलैदा गांव स्थित आईटीबीपी के शिविर में बुधवार रात को भोजन करने के बाद बल के 26 जवान बीमार हो गए.
रायपुर, 22 अक्टूबर : छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के राजनांदगांव जिले में अपने शिविर में भोजन करने के बाद भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के 26 जवान बीमार हो गए हैं. राजनांदगांव जिले के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जिले के मलैदा गांव स्थित आईटीबीपी के शिविर में बुधवार रात को भोजन करने के बाद बल के 26 जवान बीमार हो गए. अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को नक्सल विरोधी अभियान के बाद शिविर पहुंचे जवानों ने भोजन किया था. इस दौरान जवानों ने पनीर और मांसाहार लिया था. भोजन करने के कुछ देर बाद जवानों ने उल्टी और डायरिया की शिकायत की तब उन्हें खैरागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
उन्होंने बताया कि 21 जवानों को बृहस्पतिवार शाम को भर्ती कराया गया तथा पांच जवानों को आज सुबह भर्ती कराया गया. राजनांदगांव जिले के कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा ने बताया कि जवानों की हालत खतरे से बाहर है तथा सभी का इलाज किया जा रहा है. सिन्हा ने बताया कि शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारी और चिकित्सा दल को भेजा गया है जिससे अन्य जवानों के बीमार पड़ने पर उनका तत्काल इलाज किया जा सके. अधिकारियों ने बताया कि सभी जवान आईटीबीपी की 40वीं बटालियन से हैं तथा राजधानी रायपुर से लगभग 150 किलोमीटर दूर छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश की सीमा पर नक्सल प्रभावित इलाके में स्थित मलैदा शिविर में तैनात हैं. यह भी पढ़ें : 100 करोड़ टीकाकरण देश के लिए स्वाभिमान का विषय, भविष्य की अनेक सफलताओं का शुभ संकेत भी: RSS
इधर राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीड़ित जवानों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया है. अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री बघेल ने राजनांदगांव जिले के मलैदा शिविर में आईटीबीपी के जवानों के विषाक्त भोजन से पीड़ित होने की जानकारी मिलने पर सभी जवानों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया है.उन्होंने बताया कि जवानों का इलाज खैरागढ़ स्थित अस्पताल में किया जा रहा है. सभी जवान खतरे से बाहर हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 22, 2021 12:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

