देश की खबरें | जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए 25 दमकल वाहनों, 500 कर्मियों को तैनात किया जाएगा

नयी दिल्ली, चार सितंबर दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के निदेशक अतुल गर्ग ने सोमवार को बताया कि इस सप्ताह राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए दमकल की 35 गाड़ियों और 500 कर्मियों को तैनात किया जाएगा।

गर्ग ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से साक्षात्कार में कहा कि यदि शिखर सम्मेलन के दौरान आग लगने संबंधी कोई भी स्थिति पैदा होती है, तो विभाग उससे निपटने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि डीएफएस ने बारिश होने पर राजघाट क्षेत्र में जलभराव की स्थिति से बचने के लिए पानी खींचने वाली हाई वोल्टेज की चार विशेष मशीनें खरीदी हैं।

गर्ग ने ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘आगामी जी20 बैठक के लिए हर विभाग तैयारी कर रहा है। डीएफएस को सबसे प्रमुख विभागों में से एक माना जाता है और विभाग ने आग लगने संबंधी किसी भी घटना से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।’’

वरिष्ठ अधिकारी ने कार्य योजना की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने तैनाती के लिए शिखर सम्मेलन क्षेत्र को तीन अहम भागों में बांटा है।

गर्ग ने कहा, ‘‘सबसे पहला भाग बैठक स्थल ‘भारत मंडपम’ होगा, जहां सभी प्रतिनिधि बैठक के लिए जुटेंगे। दूसरा भाग वह है, जहां (ज्यादातर शहर के सभी प्रमुख होटल) सभी गणमान्य व्यक्ति ठहरेंगे और तीसरे भाग में वे पर्यटक स्थल शामिल हैं जहां सभी गणमान्य अतिथि जाएंगे।’’

उन्होंने बताया कि डीएफएस ने जी-20 के लिए दमकल की 35 गाड़ियां और कुल 500 लोगों को तैनात किया है।

गर्ग ने कहा, ‘‘जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान कर्मचारियों की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने एक उचित योजना बनाई है ताकि हम तत्काल सहायता भी प्रदान कर सकें और साथ ही नियमित कॉल आने पर भी कार्रवाई कर सकें। हमें आग लगने की घटनाओं के संबंध में एक दिन में लगभग 100 कॉल आते हैं, हम उनसे भी निपटेंगे।’’

उन्होंने बताया कि कर्मियों की हर इकाई में छह से सात सदस्य होंगे।

गर्ग ने कहा, ‘‘इकाइयां प्रमुख स्थानों पर तैनात की जाएंगी और वे किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगी। ’’

जी20 देशों के नेताओं का शिखर सम्मेलन नौ-10 सितंबर को नयी दिल्ली के प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र ‘भारत मंडपम’ में आयोजित होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)