देश की खबरें | पहलगाम हमले के बाद से असम में 'पाकिस्तान का बचाव' करने के आरोप में 24 लोग गिरफ्तार: मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, 28 अप्रैल असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद “भारतीय धरती पर पाकिस्तान का बचाव करने” के आरोप में अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार किए गए लोगों में विपक्षी एआईयूडीएफ विधायक अमीन-उल-इस्लाम भी शामिल हैं, जिन पर पहलगाम हमले में पाकिस्तान और उसकी मिलीभगत का कथित रूप से बचाव करने के लिए राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया है।

शाम साढ़े सात बजे शर्मा ने ‘एक्स’ पर कहा, “24 राष्ट्र विरोधी लोग अब सलाखों को पीछे हैं।”

इससे पहले दिन में उन्होंने कहा था कि 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

शर्मा ने शनिवार को कहा था कि अगर जरूरी हुआ तो गिरफ्तार लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के प्रावधान भी लगाए जाएंगे।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा था, "भारत और पाकिस्तान के बीच कोई समानता नहीं है। दोनों देश दुश्मन देश हैं और हमें ऐसे ही रहना चाहिए।"

दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पर्यटक स्थल बैसरन पर 22 अप्रैल को आतंकवादियों के हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)