देश की खबरें | मैंगलोर विश्वविद्यालय के 24 महाविद्यालय कोडागु विश्वविद्यालय में शामिल होंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के कोडागु में एक नये विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ ही मैंगलोर विश्वविद्यालय के 24 स्नातक महाविद्यालयों के नये विश्वविद्यालय में शामिल होने की संभावना है।

मेंगलुरु, 30 सितंबर कर्नाटक के कोडागु में एक नये विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ ही मैंगलोर विश्वविद्यालय के 24 स्नातक महाविद्यालयों के नये विश्वविद्यालय में शामिल होने की संभावना है।

कर्नाटक विधान सभा ने पिछले हफ्ते एक विधेयक पारित करके कोडागु विश्वविद्यालय की स्थापना का रास्ता साफ कर दिया है। विधान सभा ने कर्नाटक राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 2000 में संशोधन किया है, जिसमें कोडागु विश्वविद्यालय सहित आठ नये विश्वविद्यालयों के गठन का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिन्हें मैंगलोर विश्वविद्यालय के अधिकार क्षेत्र से अलग किया जाएगा।

कोडागु, मेंगलुरु से लगभग 150 किमी दूर स्थित है और भौगोलिक एवं सांस्कृतिक रूप से एक अलग क्षेत्र है। मैंगलोर विश्वविद्यालय के दायरे में दक्षिण कन्नड़, कोडागु और उडुपी के महाविद्यालय आते हैं।

नये कोडागु विश्वविद्यालय में लगभग 10 महाविद्यालय भी होंगे, जो वर्तमान में मैसूर विश्वविद्यालय के अंतर्गत आते हैं। कोडागु जिले का सबसे बड़ा और सबसे पुराना कॉलेज मदिकेरी स्थित फील्ड मार्शल के. एम. करियप्पा कॉलेज है।

चिक्का अलुवारा में ज्ञान कावेरी परिसर स्थित मैंगलोर विश्वविद्यालय स्नातकोत्तर कॉलेज और अनुसंधान केंद्र को कोडागु विश्वविद्यालय का मुख्यालय बनाने का प्रस्ताव है।

केंद्र के निदेशक के. एस. चंद्रशेखरैया ने पुष्टि की कि कोडागु विश्वविद्यालय का प्रशासनिक कार्यालय चिक्का अलुवारा परिसर में होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि कोडागु के छात्रों को स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के अध्ययन के लिए मैसूर या मेंगलुरु जाना पड़ता है, जिससे अब बचा जा सकता है, बशर्तें ज्ञान कावेरी परिसर में अधिक रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रदान किए जाएं।

मदिकेरी विधायक एम पी अप्पाचू रंजन ने सरकार से चिक्का अलुवारा परिसर को 200 एकड़ और जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। फिलहाल इसमें 70 एकड़ ही जमीन है।

विधेयक में सरकार द्वारा प्रस्तावित अन्य विश्वविद्यालय कोप्पल, मांड्या, बागलकोट, चामराजनगर, बीदर, हावेरी और हसन में स्थापित किए जाने हैं।

मैंगलोर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर पीएस यदापदिथया ने कहा कि कोडागु विश्वविद्यालय के गठन को लेकर उन्हें अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि नयी राष्ट्रीय शैक्षणिक नीति (एनईपी) के तहत स्थानीय विश्वविद्यालयों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो छात्रों को अच्छी शिक्षा और वातावरण प्रदान कर सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\