Lok Sabha Election 2024: उत्तराखंड में पांचों लोकसभा सीटों पर 11 बजे तक 24.83 प्रतिशत मतदान
उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को सुबह मतदान शुरू हो गया और 11 बजे तक 24.83 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया.
देहरादून, 19 अप्रैल : उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को सुबह मतदान शुरू हो गया और 11 बजे तक 24.83 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया. प्रदेश के मुख्य निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया और नौ बजे तक 24.83 प्रतिशत मतदाता अपना वोट डाल चुके हैं . मतदान शाम पांच बजे तक जारी रहेगा . मतदान के लिए प्रदेश के 13 जिलों में 11,729 मतदान केंद्र बनाए गए हैं . राज्य की सभी लोकसभा सीटों—पौड़ी गढ़वाल, टिहरी, अल्मोड़ा (सुरक्षित), हरिद्वार और नैनीताल से सांसद बनने के इच्छुक 55 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 83 लाख से ज्यादा मतदाताओं के हाथ में है . प्रदेश के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी वीके जोगदंडे ने बताया कि कुछ मतदेय स्थलों पर ईवीएम में खराबी की सूचना मिली थी जिन्हें ‘मॉक पोल’ के दौरान ही बदल दिया गया .
उन्होंने बताया कि सभी जगह सुचारू ढ़ंग से मतदान चल रहा है और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है . उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और योग गुरू रामदेव प्रदेश में सबसे पहले मतदान करने वालों में शामिल रहे . धामी ने उधमसिंह नगर जिले के खटीमा में नगला तराई मतदान केंद्र में अपना मत डाला . अपनी मां और पत्नी गीता के साथ मतदान के लिए पहुंचे धामी केंद्र में कतार में खड़े रहे और अपनी बारी की प्रतीक्षा की . मतदान कर बाहर निकले धामी ने सभी मतदाताओं से वोट जरूर डालने की अपील की . रामदेव ने अपने सखा और पतंजलि के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण के साथ हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में दादूबाग मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला . मतदान के बाद उन्होंने कहा कि भारत को आर्थिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक गुलामी से मुक्ति दिलाने के लिए उन्होंने वोट दिया है. उन्होंने लोगों से भी वोट देने और देश में सनातन शक्तियों को मजबूत करने वाली सरकार चुनने की अपील की . यह भी पढ़ें : लोकसभा चुनाव: उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर सुबह नौ बजे तक 25.20 प्रतिशत मतदान
वर्ष 2014 और 2019 में राज्य की पांचों लोकसभा सीट पर जीत का परचम फहराने वाली सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इस बार भी पुराना प्रदर्शन दोहराने की उम्मीद है जबकि कांग्रेस अपनी खोई राजनीतिक जमीन को फिर पाने का प्रयास कर रही है . भाजपा ने नैनीताल से अजय भट्ट, अल्मोड़ा से अजय टम्टा और टिहरी से मालराज्य लक्ष्मी शाह पर दोबारा भरोसा जताया है जबकि हरिद्वार से उसने रमेश पोखरियाल निशंक की जगह पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और पौड़ी गढ़वाल से तीरथ सिंह रावत की जगह पार्टी प्रवक्ता अनिल बलूनी पर दांव खेला है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 19, 2024 12:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

