बांकुड़ा/हावड़ा (पश्चिम बंगाल), 12 मई कर्नाटक और तमिलनाडु से दो विशेष ट्रेनों से 2,342 लोग मंगलवार को पश्चिम बंगाल लौट आए। इनमें से अधिकतर कोविड-19 के मद्देनजर लागू लॉकडाउन के कारण फंस गए थे। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि बेंगलुरु से एक विशेष ट्रेन सुबह बांकुड़ा स्टेशन पहुंची और तमिलनाडु के कटपाडी से एक अन्य ट्रेन शाम पांच बजे हावड़ा स्टेशन पहुंची।
वेल्लोर के कटपाडी से चली ट्रेन में मुख्य रूप से मरीज और उनके रिश्तेदार थे। वे इलाज के लिए वहां गए थे और उनके अलावा कुछ प्रवासी मजदूर और छात्र भी उसी ट्रेन से पश्चिम बंगाल पहुंचे।
दक्षिण पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कटपाडी से हावड़ा की ट्रेन के 12 कोच में 1,142 यात्री थे।
बांकुड़ा के जिलाधिकारी अरुण प्रसाद ने बताया कि बेंगलुरु से 10 मई को चली 22 डिब्बों वाली ट्रेन में 1,200 यात्री थे।
अधिकारियों ने बताया कि यात्री पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों के हैं।
अधिकारियों ने बताया कि हावड़ा पहुंचने के बाद सभी यात्रियोँ की घर भेजने से पहले चिकित्सीय जांच की गई और उसके बाद राज्य सरकार द्वारा संचालित बसों में उन लोगों को उनके घर भेजा गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY