नयी दिल्ली, 22 दिसंबर सरकार ने बृहस्पतिवार को बताया कि केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) के पास 15 दिसंबर, 2022 तक कुल 22,238 शिकायतें और दूसरी अपील लंबित थीं।
एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि 2022-23 के दौरान 15 दिसंबर तक सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत दायर 20,756 शिकायतों और दूसरी अपीलों का निपटारा किया गया।
उन्होंने कहा कि सीआईसी ने इस अवधि के दौरान ऐसे 13,472 मामले दर्ज किए थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘सीआईसी मामलों की कुशल सुनवाई के लिए प्रौद्योगिकी उपकरणों का उपयोग करके लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने का प्रयास कर रहा है। इससे लंबित मामलों की संख्या में काफी कमी आई है।’’
सिंह ने कहा कि राज्य सूचना आयोगों (एसआईसी) के संबंध में पंजीकृत, निपटाए गए और लंबित मामलों की जानकारी राज्य सरकारों द्वारा रखी जाती है।
उन्होंने कहा, ‘‘सीआईसी, सूचना चाहने वालों को सुनने के हाइब्रिड मोड यानी भौतिक और आभासी माध्यम की सुविधा प्रदान करता है। जहां तक राज्य सूचना आयोगों का सवाल है, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था करना संबंधित एसआईसी का काम है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY