देश की खबरें | मिजोरम में कोविड-19 के 22 नए मामलों में असम राइफल्स के चार जवान, एनडीआरएफ के 10 कर्मी शामिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मिजोरम में असम राइफल्स के चार जवानों तथा एनडीआरएफ के 10 कर्मियों समेत 22 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जिसके बाद राज्य में अब संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 186 हो गई है।
आइजोल, पांच जुलाई मिजोरम में असम राइफल्स के चार जवानों तथा एनडीआरएफ के 10 कर्मियों समेत 22 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जिसके बाद राज्य में अब संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 186 हो गई है।
इस संबंध में एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि नए मामलों में 14 आइजोल जिले से और चार-चार मामले सियाहा तथा लॉंगतलाई से आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पिछले 24 घंटे में तीन महिलाओं समेत कुल 22 लोगों के कोरोना वायरस संक्रमित होने की पुष्टि हुई है और ये सभी हाल ही में दूसरे राज्यों से लौटे हैं।’’
उन्होंने कहा कि मिजोरम में कोविड-19 का पहला मरीज 24 मार्च को सामने आया था जिसके बाद से आज सामने आए संक्रमित लोगों की संख्या अब तक की दूसरी सर्वाधिक संख्या है।
राज्य में सर्वाधिक मरीज 10 जून को सामने आए थे जिनकी संख्या 51 थी।
संक्रमण के नए मामलों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 10 कर्मी भी शामिल हैं जो यहां से करीब 17 किलोमीटर दूर लुंगबेढ़ में तैनात थे। इन लोगों में असम राइफल्स के चार जवान भी शामिल हैं जो आइजोल के जोखावसांग में तैनात थे।
वर्तमान में राज्य में कोविड-19 के 56 मरीजों का उपचार चल रहा है और 130 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि नए रोगियों में 18 से 56 साल की उम्र के लोग हैं जो असम, बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, जम्मू कश्मीर, केरल, मणिपुर और झारखंड से लौटे हैं और उन्हें पृथक-वास केंद्रों में रखा गया है।
अधिकारी ने बताया कि सियाहा जिले के तीन रोगियों को छोड़कर किसी में भी संक्रमण के लक्षण नहीं हैं। इनके नमूनों की जांच जोराम मेडिकल कॉलेज में की गयी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)