देश की खबरें | उत्तराखंड में सल्ट विधानसभा सीट पर उपचुनाव में पूर्वाह्न 11 बजे तक 21.47 प्रतिशत मतदान

देहरादून, 17 अप्रैल उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा सीट पर शनिवार को हो रहे उपचुनाव में पूर्वाह्न 11 बजे तक 21.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अल्मोड़ा के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि मतदान के शुरुआती चार घंटों में कुल 21.47 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे।

उन्होंने कहा कि इस सीट पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चलेगा।

भदौरिया ने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिये सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किये गए हैं।

भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह जीना के पिछले साल नवंबर में कोविड-19 से निधन के कारण सल्ट विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है।

इस सीट पर भाजपा ने जीना के बड़े भाई महेश को टिकट दिया है, वहीं कांग्रेस ने गंगा पंचोली को चुनाव मैदान में उतारा है।

सल्ट विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए 95,241 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे, जिनमें से 48,682 पुरुष और 46,559 महिलाएं हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)