गोण्डा (उप्र), 18 मई उत्तर प्रदेश के देवीपाटन मण्डल में कोरोना वायरस के 18 नये मामले सामने आये हैं । बलरामपुर जिले में आठ, गोण्डा में चार तथा बहराइच और श्रावस्ती में कोविड-19 के तीन-तीन नये मरीज मिले हैं।
देवीपाटन मंडल के आयुक्त महेन्द्र कुमार ने सोमवार को बताया कि गोण्डा जिले में रविवार को चार नये मरीज पाये गये । इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। इनमें से तीन मरीज स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से घर जा चुके हैं। इस प्रकार से जिले में संक्रमण का इलाज करा रहे कुल मरीजों की संख्या 29 है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली से आई 26 वर्षीय गर्भवती महिला को जिला मुख्यालय स्थित सतीश चन्द्र पाण्डेय मेमोरियल कोविड-19 लेवल-दो अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इसके अलावा देर रात लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में भी तीन पुरुषों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
बताया जाता है कि ये दो दिन पहले एक वाहन से 17 लोगों के साथ गोण्डा आये थे ।
कुमार ने बताया कि उन्हें यहां जांच करने के उपरान्त उतरौला रोड पर स्थित स्वामी विवेकानंद इण्टर कॉलेज में पृथक केन्द्र में रखा गया था । उनके नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजे गये थे । रविवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में तीनों सगे भाई कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। उन्हें तत्काल कोविड-19 लेवल-वन अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
आयुक्त ने बताया कि बलरामपुर जिले में रविवार को नमूनों की जांच में आठ व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है । इसके बाद जिले में कोविड-19 संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 20 हो गयी है । एक मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुका है।
उन्होंने बताया कि रविवार को प्राप्त जांच रिपोर्ट में आठ व्यक्तियों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। सभी संक्रमित मरीजों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार लेवल-1 कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है । जिले में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 19 है ।
आयुक्त ने बताया कि बहराइच जिले में संक्रमित मरीजों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। रविवार देर शाम जिले में तीन और मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में अब तक संक्रमण के कुल 42 मामले सामने आ चुके हैं । आठ मरीज उपचारित होकर घर जा चुके हैं । इस प्रकार संक्रमण का इलाज करा रहे मामलों की संख्या 34 है । मरीजों को चित्तौरा स्थित कोविड लेवल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
उन्होंने बताया कि श्रावस्ती जिले में भी रविवार को तीन नये मरीज मिले हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमण के कुल 17 मरीज सामने आ चुके हैं । चार मरीज ठीक होकर घर जा चुके है और एक की उपचार के दौरान लखनऊ में मृत्यु हो गई थी। 12 मरीजों का भंगहा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर बनाए गए कोविड-19 लेवल-1 अस्पताल में उपचार चल रहा है।
आयुक्त ने बताया कि जिन गांवों से नये मरीज मिले हैं, उन्हें सील कर दिया गया है । श्रावस्ती के तीनों युवक मुंबई से आये थे । उन्हें गांव में ही घर पर ही पृथकवास में रखा गया था ।
सं अमृत
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY