देश की खबरें | आईपीएल की 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा में होने वाली नीलामी में 1574 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को घोषणा की कि 1165 भारतीय खिलाड़ियों सहित कुल 1574 क्रिकेटरों ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 से पहले सऊदी अरब के जेद्दा में 24 और 25 नवंबर को होने वाली बड़ी नीलामी के लिए पंजीकरण कराया है।

नयी दिल्ली, पांच नवंबर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को घोषणा की कि 1165 भारतीय खिलाड़ियों सहित कुल 1574 क्रिकेटरों ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 से पहले सऊदी अरब के जेद्दा में 24 और 25 नवंबर को होने वाली बड़ी नीलामी के लिए पंजीकरण कराया है।

इस सूची में 320 कैप्ड (जिसने अंतरराष्ट्रीय मैच खेला हो) खिलाड़ी जबकि 1,224 अनकैप्ड (जिसने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला हो) खिलाड़ी और एसोसिएट देशों के 30 खिलाड़ी शामिल हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों में 48 भारत के हैं। इसके अलावा देश के 965 अनकैप्ड खिलाड़ी भी नीलामी का हिस्सा होंगे।

खिलाड़ियों का पंजीकरण आधिकारिक तौर पर सोमवार को बंद हो गया। कुल 409 विदेशी खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए पंजीकरण किया है।

यह लगातार दूसरा साल है जब नीलामी विदेश में हो रही है। आईपीएल 2024 से पहले पिछली नीलामी दुबई में हुई थी।

नीलामी 22 नवंबर से पर्थ में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरू हो रहे पहले क्रिकेट टेस्ट के तीसरे और चौथे दिन के खेल से टकराएगी।

प्रत्येक फ्रेंचाइजी अधिकतम 25 खिलाड़ियों (संबंधित रिटेन खिलाड़ियों सहित) की टीम बना सकेगी और नीलामी से कुल 204 खिलाड़ी खरीदे जा सकेंगे।

इस साल की नीलामी में ऋषभ पंत, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर और अर्शदीप सिंह जैसे कुछ बड़े भारतीय सितारे भी शामिल होंगे।

नीलामी में 91 खिलाड़ियों के साथ दक्षिण अफ्रीका का दूसरा सबसे बड़ा खिलाड़ी पूल है जिसके बाद 76 खिलाड़ियों के साथ ऑस्ट्रेलिया का नंबर आता है। इंग्लैंड से 52 और न्यूजीलैंड से 39 क्रिकेटर नीलामी में हिस्सा लेंगे जबकि वेस्टइंडीज (33) और अफगानिस्तान (29) और श्रीलंका (29) इस सूची में अगले पायदान पर हैं।

एसोसिएट देशों में यूएसए (10), नीदरलैंड (12), कनाडा (4), इटली (1), यूएई (1) और स्कॉटलैंड (2) के खिलाड़ी नीलामी का हिस्सा लेंगे।

नीलामी के दौरान 10 फ्रेंचाइजी के पास 204 खिलाड़ियों पर खर्च करने के लिए सामूहिक रूप से लगभग 641.5 करोड़ रुपये होंगे। इन 204 स्थानों में से 70 विदेशी खिलाड़ियों के लिए निर्धारित हैं।

अब तक 10 फ्रेंचाइजी ने 558.5 करोड़ रुपये के सामूहिक खर्चे के साथ 46 खिलाड़ियों को रिटेन किया है।

प्रत्येक फ्रेंचाइजी को अपनी टीम बनाने के लिए 120 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे लेकिन 31 अक्टूबर को रिटेंशन (खिलाड़ियों को अपने साथ बरकरार रखा) प्रक्रिया खत्म होने के बाद पंजाब किंग्स के पास सबसे अधिक 110.5 करोड़ रुपये हैं।

पंजाब की टीम ने सिर्फ दो अनकैप्ड खिलाड़ियों शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह को कुल 9.5 करोड़ रुपये में रिटेन किया है।

संजू सैमसन की अगुआई वाली राजस्थान रॉयल्स के पास छह खिलाड़ियों को रिटेन करने के बाद सबसे कम 41 करोड़ रुपये की राशि है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी छह खिलाड़ियों को रिटेन किया है लेकिन उनके पास 51 करोड़ रुपये की राशि बची है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Special Session of Odisha Assembly: ओडिशा विधानसभा का विशेष सत्र, 30 अप्रैल को लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी पर होगी चर्चा

Bihar Police Viral Video: बिहार पुलिस शर्मसार! दारोगा और महिला कांस्टेबल का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, एसपी ने दोनों को किया निलंबित

RR vs SRH, IPL 2026 36th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

RCB vs GT, IPL 2026 34th Match Scorecard: एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से दी करारी शिकस्त, विराट कोहली ने रचा इतिहास; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड