एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | कीव में रूस के ड्रोन और मिसाइल हमले में 15 लोगों की मौत, 116 घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. कीव, 17 जून (एपी) रूस ने यूक्रेन पर रात को उस समय मिसाइल और ड्रोन से हमले किए जब ज्यादातर लोग अपने घरों में सो रहे थे, जिससे कम से कम 15 लोगों की मौत हो गयी और 116 अन्य घायल हो गए।

विदेश की खबरें | कीव में रूस के ड्रोन और मिसाइल हमले में 15 लोगों की मौत, 116 घायल
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कीव, 17 जून (एपी) रूस ने यूक्रेन पर रात को उस समय मिसाइल और ड्रोन से हमले किए जब ज्यादातर लोग अपने घरों में सो रहे थे, जिससे कम से कम 15 लोगों की मौत हो गयी और 116 अन्य घायल हो गए।

स्थानीय अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि हमलों में मुख्य रूप से राजधानी कीव को निशाना बनाया गया।

कीव शहर सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि रातभर हुए हमले में 14 लोगों की मौत हो गयी है और 99 अन्य घायल हो गए हैं। बमबारी से नौ मंजिला एक रिहायशी इमारत ध्वस्त हो गयी तथा कई अपार्टमेंट नष्ट हो गए हैं। आपातकालीन कर्मी मलबे से लोगों को बचाने के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं।

यह हाल के महीनों में यूक्रेन की राजधानी में हुए सबसे घातक हमलों में से एक है और हमला ऐसे वक्त में हुआ है, जब युद्ध को खत्म करने के लिए दो दौर की शांति वार्ता बेनतीजा रही है।

रूस ने दक्षिणी बंदरगाह शहर ओडेसा में भी ड्रोन हमले किए, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 17 लोग घायल हो गए। क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख ओलेह कीपर ने यह जानकारी दी।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस हमले को ‘‘कीव पर सबसे भयानक हमलों में से एक’’ बताया और कहा कि रूसी सुरक्षा बलों ने रातभर में यूक्रेन पर 440 से ज्यादा ड्रोन और 32 मिसाइलें दागीं।

जेलेंस्की ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ‘‘ऐसा सिर्फ इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि वह युद्ध जारी रखने का जोखिम उठा सकते हैं। वह चाहते हैं कि युद्ध जारी रहे। यह बहुत परेशान करने वाली बात है कि दुनिया के ताकतवर लोग इस ओर से आंखें मूंद लेते हैं।’’

यह हमला करीब नौ घंटे तक चला और यह कीव को निशाना बनाकर किया गया नया ड्रोन और मिसाइल हमला है। यह हमला ऐसे वक्त में किया गया है कि जब विश्व नेता कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए जुटे हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के भी इस सम्मेलन में भाग लेने की उम्मीद है।

गृह मंत्री इहोर क्लिमेंको ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि हमले में छर्रा लगने से घायल हुए एक अमेरिकी नागरिक की मौत हो गयी है। मंगलवार को रातभर विस्फोट की आवाजें सुनी गयीं।

क्लिमेंको ने बताया कि बैलिस्टिक मिसाइल से किए गए हमले में एक रिहायशी इमारत में बने 30 अपार्टमेंट नष्ट हो गए।

शहर के स्वियातोशिन्स्की और सोलोमिंस्की प्रांत में भी लोग घायल हुए हैं। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि यूक्रेनी हवाई रक्षा प्रणाली के ध्वस्त हो जाने से गिरे मलबे के कारण शहर के दो अन्य प्रांतों में आग लग गयी है।

जी-7 के मेजबान देश कनाडा ने जेलेंस्की को शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया है, जहां उनके विश्व नेताओं के साथ अलग-अलग मुलाकात करने की संभावना है।

जेलेंस्की को मंगलवार को कनाडा में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करनी थी, लेकिन व्हाइट हाउस ने घोषणा की कि ट्रंप पश्चिम एशिया में तनाव के कारण मंगलवार रात के बजाय सोमवार रात को वाशिंगटन लौट रहे हैं।

रूस ने हाल के सप्ताहों में रिकॉर्ड संख्या में ड्रोन और मिसाइलें छोड़ी हैं। यूक्रेन की सुरक्षा सेवा एजेंसी द्वारा रूसी क्षेत्र में हवाई अड्डों पर युद्धक विमानों को निशाना बनाने का अभियान शुरू किए जाने के बाद मॉस्को ने हमले तेज कर दिए हैं।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2025 02:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).