गुवाहाटी, 25 मई असम के लखीमपुर जिले में पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत के बाद हुई हिंसा के सिलसिले में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस महानिदेशक जी पी सिंह ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल फोन की चोरी के आरोपी एक व्यक्ति की पुलिस हिरासत में मौत हो जाने के बाद बृहस्पतिवार को नाराज भीड़ ने खेलमाटी पुलिस चौकी को घेर लिया । उन्होंने कहा कि जब भीड़ हिंसक हो गयी और पथराव करने लगी, तब पुलिस को स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा एवं हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ लखीमपुर जिले में खेलमाटी चौकी पर भीड़ के पथराव के सिलसिले में सीसीटीवी फुटेज समेत एकत्रित सबूतों के आधार 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ तलाशी के दौरान आगजनी के लिए जुटायी गयी सामग्री भी बरामद की गयी एवं उसे जब्त कर लिया गया। ’’
पुलिस ने दावा किया कि अशरफ अली को मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चुराने के आरोप में चार अन्य लोगों के साथ बुधवार रात में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, जब वह चौकी में बेंच पर बैठा था, तब वह ‘अचानक गिर’ गया।
पुलिस के अनुसार, उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस घटना के बाद चौकी प्रभारी दीपांकर चंगमाई और ड्यूटी पर तैनात संतरी को निलंबित कर दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY