जरुरी जानकारी | व्हाइट गुड्स के लिए पीएलआई योजना के तहत 15 और फर्मों का चयन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सरकार ने मंगलवार को कहा कि अडाणी कॉपर ट्यूब्स, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स और विप्रो एंटरप्राइजेज सहित 15 फर्मों को व्हाइट गुड्स क्षेत्र के लिए उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत चुना गया है।

नयी दिल्ली, 28 जून सरकार ने मंगलवार को कहा कि अडाणी कॉपर ट्यूब्स, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स और विप्रो एंटरप्राइजेज सहित 15 फर्मों को व्हाइट गुड्स क्षेत्र के लिए उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत चुना गया है।

इन कंपनियों ने कुल मिलाकर 1,368 करोड़ रुपये का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है और इनका चयन अभी अस्थाई रूप से है।

पिछले साल नवंबर में डाइकिन, पैनासोनिकक, सिस्का और हैवेल्स सहित 42 फर्मों को इस योजना के लिए चुना गया था, जिन्होंने 4,614 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई थी।

व्हाइट गुड्स के तहत एयर कंडीशनर और एलईडी लाइट्स से संबंधित उत्पादन शामिल हैं।

सरकार ने इस साल मार्च में अधिक खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए एयर कंडीशनर और एलईडी लाइट्स के लिए अपनी 6,238 करोड़ रुपये की पीएलआई योजना को फिर से खोला था। दूसरे दौर में 19 कंपनियों ने आवेदन किया था।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा, ‘‘दूसरे दौर में प्राप्त 19 आवेदनों के मूल्यांकन के बाद, 1,368 करोड़ रुपये के निवेश वाले 15 आवेदकों को अस्थायी रूप से लाभार्थियों के रूप में चुना गया है।’’

इसमें छह कंपनियों ने एसी घटकों के विनिर्माण के लिए 908 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। दूसरी ओर नौ कंपनियां 460 करोड़ रुपये के निवेश के साथ एलईडी लाइट घटकों का विनिर्माण करेंगी।

इन 15 कंपनियों ने पांच वर्षों में कुल 25,583 करोड़ रुपये के उत्पादन का लक्ष्य तय किया है और इससे 4,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now