मुरैना/भोपाल, 12 जनवरी मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के दो गांवों मानपुर और पहावाली में सोमवार रात को कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से अब तक 14 लोगों की मौत हो गयी और 20 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गये। इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और लापरवाही बरतने के लिए दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
चंबल के उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) राजेश हिंगणकर ने मंगलवार रात को मीडिया को बताया, ‘‘दो और लोगों की उपचार के दौरान ग्वालियर के जयरोग्य अस्पताल में मौत हो गई है। इसी के साथ संदिग्ध अवैध शराब पीने से 14 लोगों की मौत हो गई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस शराब के सेवन से बीमार हुए कुछ और लोग यहां पहुंचे हैं, जिससे बीमार हुए लोगों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। इन सभी का इलाज अस्पतालों में चल रहा है।’’
हिंगणकर ने बताया कि इस मामले में अवैध शराब बेचने वाले दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है तथा उनसे पूछताछ जारी है।
उन्होंने कहा कि भादंवि की धारा 304 और आबकारी अधिनियम की संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया है ।
मध्यप्रदेश में बीते तीन माह में इस तरह की यह दूसरी घटना है| इससे पहले अक्टूबर माह में उज्जैन में भी जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत हो गई थी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘‘ मुरैना में जहरीली शराब दुर्घटना अत्यंत दु:खद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। दुर्घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। कमिश्नर ग्वालियर-चंबल ने जांच दल बनाया है, जिसने जांच प्रारंभ कर दी है। जो भी व्यक्ति दोषी होंगे, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘घटना में प्रथमदृष्टया सुपरविजन में लापरवाही पाए जाने पर, जिला आबकारी अधिकारी मुरैना को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है।’’
इस बीच, अवैध शराब के सेवन से 14 लोगों की मौत होने और 20 अन्य के बीमार होने पर एक पुलिस अधिकारी को भी निलंबित किया गया है।
मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ‘‘ मुरैना में जहरीली शराब पीने से हुई मौत की घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। इस मामले में संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। घटना के लिए जिम्मेदार कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।’’
इस घटना पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने भी मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ‘‘शराब माफियाओं का कहर जारी। उज्जैन में 16 जान लेने के बाद अब मुरैना में शराब माफियाओं ने लोगों की जान ले ली। शिवराज जी, शराब माफिया आखिर कब तक यूं ही लोगों की जान लेते रहेंगे? सरकार बीमार लोगों का समुचित इलाज करवाये और पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करे।’’
कमलनाथ ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री (शिवराज सिंह चौहान) माफिया के खिलाफ कार्रवाई को लेकर झूठे दावे कर रहे हैं।
इससे पहले मंगलवार सुबह को जिला पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने ‘पीटीआई ’ को बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर दूर मानपुर एवं पहावाली गांवों में हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY