विदेश की खबरें | नेपाल में भारत की नंबर प्लेट वाली एक बस के नदी में गिरने से 14 लोगों की मौत, 16 घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. मध्य नेपाल में भारत की नंबर प्लेट वाली एक बस के शुक्रवार को राजमार्ग से पलट कर मार्सयांगडी नदी में गिरने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
काठमांडू, 23 अगस्त मध्य नेपाल में भारत की नंबर प्लेट वाली एक बस के शुक्रवार को राजमार्ग से पलट कर मार्सयांगडी नदी में गिरने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह बस गोरखपुर से थी और पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी, तभी यह तनहुन जिले के आइना पहारा में राजमार्ग से पलट गई। बस पर उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट है और उसमें चालक और सह-चालक सहित 43 लोग सवार थे।
भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ पोखरा से काठमांडू जा रही एक भारतीय पर्यटक बस में लगभग 43 भारतीय सवार थे। वह आज मार्सयांगडी नदी में गिर गई।’’
दूतावास राहत एवं बचाव कार्य में लगे स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।
सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के पुलिस उपाधीक्षक शैलेन्द्र थापा के अनुसार दुर्घटना स्थल से 14 शव बरामद कर लिए गए हैं वहीं 16 घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है।
बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
‘माई रिपब्लिका न्यूज पोर्टल’ की खबर के अनुसार, नेपाल सेना का एमआई 17 हेलीकॉप्टर बचाव अभियान के लिए एक मेडिकल टीम के साथ तनहुन जिले के अन्बू खैरेनी में दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गया है।
पोखरा के गंडकी प्रांत पुलिस कार्यालय ने बताया कि बचाए गए लोगों में से 15 बातचीत कर रहे हैं।
पहाड़ी इलाकों की वजह से नेपाल की नदियों में आम तौर पर बहाव तेज होता है। पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के कारण जलस्रोत उफान पर हैं और पानी का रंग गहरा भूरा हो गया है जिससे मलबा देखना और भी मुश्किल हो गया है।
मानसून के मौसम में जून से सितंबर तक नेपाल में भारी बारिश होती है, जिससे अक्सर इस पर्वतीय हिमालयी देश में भूस्खलन की घटनाएं होती हैं।
पिछले महीने 65 यात्रियों को ले जा रही दो बस नेपाल में भूस्खलन के कारण उफनाई त्रिशूली नदी में बह गईं थीं।
इस हादसे के बाद भारत के राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 12 सदस्यीय टीम की तैनाती सहित व्यापक खोज अभियान के बावजूद अभी तक दोनों बसों और भूस्खलन में बह गए कई यात्रियों का पता नहीं चल पाया है। केवल पांच भारतीय नागरिकों के शव बरामद किए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2024 03:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

