चीन में कोरोना वायरस के 14 नए मामले सामने आए
स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार को बताया कि नए मामलों में 12 मरीजों में बीमारी के कोई लक्षण नहीं दिखे।
बीजिंग, तीन मई चीन में कोविड-19 के 14 नए मामले आने के साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या 82,877 हो गई है जबकि 4,630 लोग इस जानलेवा विषाणु से जान गंवा चुके हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार को बताया कि नए मामलों में 12 मरीजों में बीमारी के कोई लक्षण नहीं दिखे।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि शनिवार को दो और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी जिसमें एक आयातित मामला तथा दूसरा स्थानीय मामला था।
उसने बताया कि मृतकों की संख्या 4,633 बनी हुई है क्योंकि शनिवार को मौत का कोई नया मामला नहीं आया जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 82,877 हो गई जिनमें से 531 का अब भी इलाज चल रहा है।
एनएचसी ने बताया कि चीन में अब तक कुल 1,672 आयातित मामलों की पुष्टि हुई है जिनमें से विदेश से आए 451 चीनी नागरिकों का अब भी इलाज चल रहा है और उनमें से छह की हालत गंभीर है।
साथ ही शनिवार को 12 नए ऐसे मामले आए जिनमें बीमारी के कोई लक्षण नहीं देखे गए। अभी तक चीन में बिना लक्षण वाले मरीजों की संख्या 968 है जिनमें से 98 लोग विदेश से लौटे थे।
मध्य हुबेई प्रांत में शनिवार तक बिना लक्षण वाले 651 मामले सामने आए।
बिना लक्षण वाले मरीज वे होते हैं जो कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाते हैं लेकिन उनमें बुखार, खांसी या गले में सूजन जैसे कोई लक्षण नहीं दिखाई देते। हालांकि उनके दूसरे लोगों में बीमारी फैलाने का खतरा होता है।
अमेरिका के जॉन्स हॉप्किन्स विश्वविद्यालय के अनुसार, पिछले साल दिसंबर में चीन के वुहान शहर में शुरू हुए कोरोना वायरस से दुनियाभर में 243,829 लोगों की मौत हो चुकी है और 34 लाख से अधिक लोग इससे संक्रमित हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2020 12:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

