एजेंसी न्यूज

कोविड-19 जांच के लिये नयी प्रयोगशालाओं के प्रस्ताव की समीक्षा करेंगे 14 स्वास्थ्य प्रतिष्ठान

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईसीएमआर) ने देश में कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों के मद्देनजर कोविड-19 जांच केन्द्रों की संख्या बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया था। इसके लिये उसने सक्रियता बरतते हुए कोरोना वायरस की जांच के लिये क्षमतावान प्रयोगशालाओं की तलाश शुरू की है।

कोविड-19 जांच के लिये नयी प्रयोगशालाओं के प्रस्ताव की समीक्षा करेंगे 14 स्वास्थ्य प्रतिष्ठान
जमात

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल नयी दिल्ली स्थित एम्स, चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर और पुडुचेरी के जेआईपीएमईआर जैसे 14 स्वास्थ्य प्रतिष्ठान कोविड-19 जांच के लिये किसी नयी प्रयोगशाला के प्रस्ताव की समीक्षा कर उसे मंजूरी देंगे। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन प्रतिष्ठानों का चयन किया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईसीएमआर) ने देश में कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों के मद्देनजर कोविड-19 जांच केन्द्रों की संख्या बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया था। इसके लिये उसने सक्रियता बरतते हुए कोरोना वायरस की जांच के लिये क्षमतावान प्रयोगशालाओं की तलाश शुरू की है।

आईसीएमआर के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, ''इन संस्थानों को सलाह दी गई है कि वे संबंधित राज्यों में कोविड-19 जांच सुविधाओं का प्रबंध करें।''

उन्होंने कहा, ''वे निजी और सरकारी मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ जैव प्रौद्योगिकी विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन सहित अन्य केंद्रीय सरकारी संस्थानों के प्रस्तावों की समीक्षा करेंगे।''

अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली और बिहार में कोविड-19 जांच के लिए किसी भी नई प्रयोगशाला को मंजूरी देने के अनुरोधों की व्यापक समीक्षा करेगा। चंडीगढ़ स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।

शिलांग स्थित इंदिरा गांधी पूर्वोत्तर क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विज्ञान संस्थान को असम, मेघालय, सिक्किम, त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के सभी प्रस्तावों का आकलन करने का जिम्मा सौंपा गया है।

नागपुर के एम्स को, महाराष्ट्र (मुंबई और पुणे को छोड़कर), गोवा, दादरा-नगर हवेली, दमन-दीव सौंपे गए हैं। जोधपुर के एम्स को राजस्थान और गुजरात में, लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) को उत्तर प्रदेश और भोपाल के एम्स को मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमण के 3,525 नए मामले सामने आने के बाद बुधवार तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या 74, 281 हो गई है। इसके अलावा 122 लोगों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद 2415 पर पहुंच गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2020 04:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).