एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में इस साल डेंगू के 126, मलेरिया के 21 मामले सामने आए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में इस साल डेंगू के अब तक 126 मामले सामने आए हैं। दिल्ली नगर निगम द्वारा सोमवार को जारी रिपोर्ट से यह जानकारी मिली।

देश की खबरें | दिल्ली में इस साल डेंगू के 126, मलेरिया के 21 मामले सामने आए

नयी दिल्ली, 13 जून राष्ट्रीय राजधानी में इस साल डेंगू के अब तक 126 मामले सामने आए हैं। दिल्ली नगर निगम द्वारा सोमवार को जारी रिपोर्ट से यह जानकारी मिली।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की रिपोर्ट में कहा गया है कि छह जून तक शहर में डेंगू के 118 मामले आए थे। इसमें कहा गया है कि जल जनित बीमारी से अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है।

दिल्ली में जनवरी में डेंगू के 23 मामले, फरवरी में 16, मार्च में 22, अप्रैल में 20 और मई में 30 मामले आए थे। इस महीने 11 जून तक 15 मामले सामने आए हैं।

वर्ष 2021 में एक जनवरी से चार जून तक 31, 2020 में 19, 2019 में 13, 2018 में 24 और 2017 में 50 मामले आए थे। जल जनित रोग के मामले आमतौर पर जुलाई और नवंबर के बीच सामने आते हैं, लेकिन यह अवधि दिसंबर के मध्य तक बढ़ सकती है।

नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि इस साल मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल मौसम के कारण डेंगू के मामले जल्दी दर्ज किए जा रहे हैं।

पिछले साल राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू के 9,613 मामले आए थे जो 2015 के बाद से सबसे अधिक है, साथ ही 23 लोगों की मौत हुई थी जो 2016 के बाद सबसे अधिक है। 2016 में डेंगू से 10 लोगों की मौत हुई थी। दिल्ली में 2019 में डेंगू से दो, 2018 में चार और 2017 में 10 मौतें हुई थी।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 2016 में डेंगू के 4,431 मामले आए थे, 2017 में 4,726, 2018 में 2,798, 2019 में 2,036 और 2020 में 1,072 मामले सामने आए थे।

दिल्ली में 2015 में बड़े पैमाने पर डेंगू का प्रकोप देखा गया था, अकेले अक्टूबर में मामलों की संख्या 10,600 को पार कर गई थी। 1996 के बाद से इस वर्ष दिल्ली में डेंगू का प्रकोप सबसे अधिक था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली में इस साल मलेरिया के अब तक 21 और चिकनगुनिया के आठ मामले सामने आए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 13, 2022 06:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).