Landslide in Pakistan: पाकिस्तान में भूस्खलन से एक ही परिवार के 12 सदस्यों की मौत
उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में शुक्रवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से एक घर ढह गया जिसमें नौ बच्चों सहित एक ही परिवार के कम से कम 12 सदस्यों की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
पेशावर, 30 अगस्त : उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में शुक्रवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से एक घर ढह गया जिसमें नौ बच्चों सहित एक ही परिवार के कम से कम 12 सदस्यों की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अपर दीर जिले के मैदान इलाके में हुई. कानून प्रवर्तकों ने बताया कि सभी 12 शवों को मलबे से निकाल लिया गया है और उन्हें चिकित्सीय-कानूनी औपचारिकताओं के लिए अस्पताल ले जाया गया है.
डॉन अखबार ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि इस घटना में दो महिलाएं, एक पुरुष और नौ बच्चे मारे गए हैं. पाकिस्तान में हाल के दिनों में भारी मौसमी बारिश हुई है. पाकिस्तान में जुलाई से सितंबर तक मॉनसून का मौसम रहता है. पाकिस्तान मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूरे देश में तेज आंधी के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है. यह भी पढ़ें : पॉप ग्रुप एबीबीए ने डोनाल्ड ट्रंप से चुनाव में अपने गानों का इस्तेमाल बंद करने को कहा
मौसम विभाग ने एक बयान में कहा कि इस अवधि के दौरान सिंध, उत्तर-पूर्व/दक्षिण बलूचिस्तान, उत्तर-पूर्व/मध्य पंजाब, पोतोहर क्षेत्र, इस्लामाबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में भारी वर्षा होने की संभावना है. भारी बारिश के कारण मुर्री, गलियात, मनसेहरा, कोहिस्तान, चित्राल, दीर, स्वात, शांगला, बुनेर और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भूस्खलन की आशंका है. पाकिस्तान के तटीय क्षेत्र सिंध के तट के साथ उत्तर-पूर्व अरब सागर में एक ‘भीषण’ चक्रवाती तूफान आने की आशंका है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 30, 2024 12:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

