शिमला, नौ मई कांग्रेस नेताओं विक्रमादित्य सिंह और आनंद शर्मा समेत 12 उम्मीदवारों ने बृहस्पतिवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किये, जिससे पिछले तीन दिन में दाखिल किये गये नामांकन पत्रों की कुल संख्या 21 हो गई है।
कांग्रेस के नेताओं विक्रमादित्य सिंह और आनंद शर्मा ने क्रमश: मंडी और कांगड़ा लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
सिंह ने परोक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार कंगना रनौत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘हम विकास की राजनीति कर रहे हैं, वह (रनौत) मनोरंजन की राजनीति कर रही हैं।’’
उन्होंने कहा कि कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक जून को ‘‘बॉक्स ऑफिस’’ पर असफल हो जायेगी।
विक्रमादित्य के साथ उनकी मां एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला भी मौजूद थे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा, ‘‘कंगना मंच से कांग्रेस नेताओं को गाली दे रही हैं लेकिन पिछले 20-25 दिन में उन्होंने एक बार भी निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपना दृष्टिकोण नहीं बताया है।”
उन्होंने कहा, ‘‘कंगना ने अपना अभियान 20-25 दिन पहले शुरू किया था और सुबह से शाम तक उन्होंने हमारे लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया लेकिन इस संसदीय क्षेत्र के लिए अपने दृष्टिकोण पर एक भी शब्द नहीं बोला।’’
उन्होंने कहा कि उन्हें (कंगना को) लोगों को बताना चाहिए कि वह क्या करना चाहती हैं।
सिंह ने ‘पीटीआई-’ से बातचीत में कहा कि मंडी को स्मार्ट सिटी बनाया जायेगा, जलोड़ी जोत सुरंग का निर्माण रोहतांग सुरंग की तरह किया जायेगा। उन्होंने कहा कि चंबा का दूरस्थ पांगी क्षेत्र भी सुरंग के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY