एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और चित्रकूट में दो सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और चित्रकूट जिलों में शुक्रवार सुबह अलग-अलग सड़क हादसों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और चित्रकूट में दो सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत

पीलीभीत/चित्रकूट, छह दिसंबर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और चित्रकूट जिलों में शुक्रवार सुबह अलग-अलग सड़क हादसों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीलीभीत के नेउरिया थाना क्षेत्र में में एक कार पेड़ से टकरा गई। कार में 11 लोग सवार थे। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) (पीलीभीत) अविनाश कुमार पांडे ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया, ‘‘उत्तराखंड के खटीमा से कुछ लोग यहां एक शादी में शामिल होने आए थे। वे मारुति अर्टिगा कार से वापस जा रहे थे। कार में 11 लोग सवार थे। कार चालक का वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वह सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चिकित्सकों ने हमें बताया है कि तीन लोगों को अस्पताल में मृत लाया गया था, जबकि दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है।’’

पांडे ने बताया कि घायलों में से चार को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया जा रहा है, जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई और उनकी हालत स्थिर है।

उन्होंने कहा, ‘‘घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा रही है।’’

चित्रकूट में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि महिंद्रा बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई।

सिंह ने बताया, ‘‘घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे रायपुरा थाना क्षेत्र में हुई। बोलेरो प्रयागराज से आ रही थी, जबकि ट्रक रायपुरा से प्रयागराज जा रहा था और अचानक दोनों में टक्कर हो गई।’’

एसपी ने बताया, ‘‘बोलेरो में 11 लोग सवार थे, जिनमें से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बाकी छह का स्थानीय स्तर पर इलाज हो रहा है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है।’’

पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 06, 2024 09:46 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).