देश की खबरें | त्रिपुरा में सवा लाख स्कूली छात्र खुले स्थान पर कक्षाओं में शामिल हुए
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

अगरतला, 21 अगस्त त्रिपुरा के शिक्षा मंत्री ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में सवा लाख स्कूली छात्र सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए खुले स्थान पर कक्षाओं में शामिल हुए।

शिक्षा मंत्री रतनलाल नाथ ने कहा कि राज्य सरकार ने उन छात्रों के लिये ये कक्षाएं शुरू की हैं, जिनके पास टीवी या मोबाइल फोन नहीं हैं।

यह भी पढ़े | EC Guidelines Ahead of Bihar Assembly Elections 2020: बिहार चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने जारी किया गाइडलाइन, ऑनलाइन नामांकन, वोटर को दिए जाएंगे दस्ताने.

उन्होंने कहा कि कुल सवा लाख छात्र बृहस्पतिवार को प्रथम दिन की कक्षाओं में शामिल हुए।

इस व्यवस्था के तहत एक शिक्षक अधिकतम पांच छात्रों को पढ़ाते हैं, जिस दौरान सामाजिक दूरी के नियमों का सख्ती से पालन किया जाता है। हर छात्र को मास्क पहनना और कक्षा के पहले एवं बाद में हाथ स्वच्छ करना आवश्यक है।

यह भी पढ़े | Srisailam Plant Fire: श्रीसैलम हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर स्टेशन हादसे में 9 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख.

मंत्री ने कहा कि तीसरी कक्षा से 12 वीं कक्षा तक के छात्र स्कूल के मैदान में शैक्षणिक परिसर के पास खुले स्थान में इन कक्षाओं में शामिल हुए।

उन्होंने कहा, ‘‘ कोविड-19 महामारी के चलते स्कूल और विभिन्न शैक्षणिक संस्थान पिछले पांच महीने से बंद हैं, जिससे छात्रों की शिक्षा प्रभावित हुई है। हमने सभी राजनीतिक दलों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों की सदस्यता वाली समितियां बनाई और इन समितियों की सिफारिशें के आधार पर छात्रों के शिक्षण के लिये कदम उठाये गये।’’

नाथ ने कहा, ‘‘हमने शिक्षकों से किसी छात्र पर इन कक्षाओं में शामिल होने के लिये दबाव नहीं डालने को भी कहा है। ’’

उन्होंने कहा कि राज्य के शिक्षा विभाग द्वारा किये गये एक सर्वेक्षण के मुताबिक सभी आठ जिलों में 3.22 लाख छात्रों में 29 प्रतिशत (94,013) छात्रों के पास मोबाइल फोन नहीं हैं और करीब 44 प्रतिशत (1.42 लाख) छात्रों के घर में टीवी नहीं हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)