हिसार, छह मई हरियाणा से पहली श्रमिक स्पेशल ट्रेन बुधवार को 1200 प्रवासी मजदूरों को लेकर हिसार रेलवे स्टेशन से बिहार में कटिहार के लिये रवाना हुई। लॉकडाउन के कारण ये मजदूर हरियाणा में फंसे हुए थे।
सभी मजदूरों को हरियाणा रोडवेज की बसों में स्टेशन पर लाया गया और ट्रेन में बैठने से पहले स्वास्थ्य टीम ने उनकी जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि दोपहर दो बजे रवाना हुई ट्रेन में सामाजिक दूरी का ध्यान रखा गया। सभी यात्रियों का किराया राज्य सरकार वहन करेगी।
रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार, प्रत्येक सीट पर केवल दो यात्रियों को बैठने की अनुमति दी गई थी और उन सभी ने मास्क पहना था या अपने मुंह को कपड़े से ढंक रखा था।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के लिए रेलवे स्टेशन के अंदर और बाहर रेलवे पुलिस और जिला पुलिस तैनात थी।
सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि लॉकडाउन के कारण हरियाणा में कई प्रवासी श्रमिक फंसे हुए हैं और वे अपने गृह राज्यों में वापस जाना चाहते हैं।
हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार फंसे हुए प्रवासियों को उनके गृह राज्य में भेजने की व्यवस्था की है।
प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार के अनुरोध के बाद रेलवे हरियाणा के विभिन्न जिलों से बिहार के लिए छह ट्रेनें चलाएगी।
बुधवार को हिसार से रवाना होने वाली ट्रेन के अलावा, अम्बाला से कटिहार, हिसार से मुजफ्फरपुर और भिवानी से गया के लिए स्पेशल ट्रेनें सात मई को चलेंगी। आठ मई को रोहतक से कटिहार और अंबाला से भागलपुर के लिए ट्रेनें रवाना होंगी।
इससे पहले, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा था कि हरियाणा में फंसे हुए प्रवासी मजदूरों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से उनके घर वापस भेजा जाएगा।
हरियाणा सरकार ने एक वेब पोर्टल भी शुरू किया है, जहां अपने गृह राज्य वापस जाने के इच्छुक प्रवासी श्रमिक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY