ठाणे, 14 मई महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार ठाणे केंद्रीय जेल के उन कैदियों के लिए परिवहन की व्यवस्था करेगी जो कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर रिहा किए जाएंगे।
राज्य सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर जेलों में भीड़ कम करने के लिए सात वर्ष से कम की सजा पाये दोषियों को पैरोल पर रिहा करने का निर्णय किया है।
देशमुख ने यहां बृहस्पतिवार को जिला अधिकारियों के साथ एक बैठक की। ठाणे के कलेक्टर राजेश नार्वेकर, शहर पुलिस आयुक्त विवेक फनसाल्कर और अन्य बैठक में मौजूद थे।
गृहमंत्री ने कहा कि ठाणे जेल से करीब 3500 कैदियों को रिहा किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हम न केवल दोषियों को रिहा करेंगे बल्कि उनके घर तक की यात्रा का इंतजाम भी करेंगे।’’
मंत्री ने सोशल मीडिया पर साइबर अपराध के मामलों में बढ़ोतरी पर चिंता जतायी और अधिकारियों से कहा कि वे ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करें जो ऐसी अफवाह फैला रहे और संदेश पोस्ट कर रहे जिनसे समुदायों के बीच शत्रुता उत्पन्न हो सकती है।
.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY