जयपुर में कोविड-19 मरीजों का प्लाज्मा थेरेपी से इलाज शुरू: स्वास्थ्य मंत्री
जयपुर, छह मई जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) चिकित्सालय में कोरोना वायरस संक्रमितों का प्लाज्मा थेरेपी से इलाज शुरू हो गया है। राज्य के चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री डा रघु शर्मा ने बताया कि दो रोगियों पर प्रायोगिक इलाज के सकारात्मक परिणाम आने के बाद यह पहल की गयी है।
डा शर्मा ने बताया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और देश के औषधि नियंत्रक की मंजूरी के बाद एसएमएस अस्पताल में दो मरीजों का प्रायोगिक आधार पर प्लाज्मा थेरेपी से इलाज किया गया था। उन्होंने कहा, इसके सकारात्मक परिणाम आने के बाद एसएमएस मेडिकल कॉलेज में प्लाज्मा थेरेपी से रोगियों का इलाज शुरू किया गया।
एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा सुधीर भंडारी ने बताया कि ‘‘सोमवार को दोनों मरीजों की अनुमति मिलने के बाद प्लाज्मा थेरेपी से इलाज का परीक्षण किया गया। 12 से 24 घंटों में दोनों रोगियों ने अच्छा परिणाम दिखाया। उनका बुखार व सांस लेने में तकलीफ दूर हो गयी और रक्त की रिपोर्ट भी सामान्य होनी शुरू हो गयी। इसके बाद हमने कोविड प्लाज्मा का इस्तेमाल उपचार के लिए शुरू किया है।’’
उन्होंने बताया कि शुरुआती प्रयोगों में प्लाज़्मा थेरेपी के अत्यंत सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं। डा भंडारी ने कहा, आईसीएमआर की गाइड लाइन के अनुसार तथा मरीज के ‘ब्लड ग्रुप’ की मेंचिंग करने के बाद ही प्लाज़्मा थेरेपी शुरू की जाती है।
उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक हुए मरीजों का 28 दिन बाद पुनः कोरोना टेस्ट किया जाएगा और उनका प्लाज़्मा लेकर कोरोना वायरस के गंभीर मरीजों का उपचार किया जाएगा।
चिकित्सा मंत्री डा शर्मा के अनुसार एसएमएस राज्य का पहला अस्पताल है जहां दो लोगों का प्रायोगिक आधार पर प्लाज्मा थेरेपी से इलाज किया गया है।
उन्होंने कहा, केरल, मध्यप्रदेश और दिल्ली के बाद राजस्थान चौथा ऐसा राज्य बन गया है जो प्लाज्मा थेरेपी के जरिए कोरोना का इलाज कर पाने में समक्ष है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से बुधवार दोपहर तक 90 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं राज्य में कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या 3200 से अधिक हो गयी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2020 11:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

