गुजरात में कोविड-19 का संक्रमण फैलने के लिए कांग्रेस ने ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम को जिम्मेदार ठहराया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि इस मामले की विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा स्वतंत्र जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी सरकार की इस ‘‘आपराधिक लापरवाही’’ के खिलाफ जल्द ही गुजरात उच्च न्यायालय जाएगी।
अहमदाबाद, छह मई गुजरात कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार द्वारा 24 फरवरी को यहां आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम राज्य में कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने के लिए जिम्मेदार है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि इस मामले की विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा स्वतंत्र जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी सरकार की इस ‘‘आपराधिक लापरवाही’’ के खिलाफ जल्द ही गुजरात उच्च न्यायालय जाएगी।
हालांकि प्रदेश भाजपा ने इस आरोप को निराधार बताया और कहा कि यह कार्यक्रम कोविड-19 को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वैश्विक महामारी घोषित किये जाने से काफी समय पहले आयोजित किया गया था और राज्य में कोरोना वायरस का पहला मामला इस कार्यक्रम के लगभग एक महीने बाद सामने आया।
गत 24 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में एक रोड शो किया था जिसमें हजारों लोग शामिल हुए थे।
रोड शो के बाद दोनों नेताओं ने मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में एक लाख से अधिक लोगों को संबोधित किया था।
गुजरात में कोरोना वायरस का पहला मामला 20 मार्च को सामने आया था। तब राजकोट का एक व्यक्ति और सूरत की एक महिला संक्रमित पाए गए थे।
गुजरात भाजपा के प्रवक्ता प्रशांत वाला ने कांग्रेस के इन आरोपों को बेबुनियाद बताया।
गुजरात में अब तक कोविड-19 के संक्रमण के 6,245 मामले सामने आए हैं और 368 लोगों की मौत हो चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2020 11:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

