कोविड-19 हॉटस्पॉट में लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ाने पर विचार कर रही है महाराष्ट्र सरकार
बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान इन स्थानों पर प्रतिबंधों को बढ़ाने की संभावना पर चर्चा की गई।
मुंबई, 14 मई महाराष्ट्र सरकार ने बृहस्पतिवार को मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), पुणे, सोलापुर, औरंगाबाद और मालेगांव में लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ाने का इरादा जताया है, जो राज्य में कोविड-19 हॉटस्पॉट (संक्रमण से अत्यधिक प्रभावित क्षेत्र) के रूप में उभरे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान इन स्थानों पर प्रतिबंधों को बढ़ाने की संभावना पर चर्चा की गई।
अधिकारी ने बताया, ‘‘सरकार ने 31 मई तक एमएमआर, पुणे, सोलापुर, औरंगाबाद और नासिक जिले के मालेगांव शहर में लॉकडाउन बढ़ाने की अपनी मंशा व्यक्त की। राज्य का दृष्टिकोण लिखित रूप में केंद्र को दिया जाएगा।’’
उन्होंने बताया, ‘‘राज्य के बाकी हिस्सों में, 17 मई को लॉकडाउन 3.0 समाप्त होने से पहले केंद्र द्वारा घोषित किये जाने वाले दिशानिर्देशों को लागू किया जाएगा।’’
उपमुख्यमंत्री अजित पवार, जल संसाधन मंत्री जयंत पाटिल, शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे, उद्योग मंत्री सुभाष देसाई, राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट और लोक निर्माण विभाग मंत्री अशोक चव्हाण मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में शामिल हुए।
बुधवार रात तक महाराष्ट्र में कोविड-19 संक्रमण की संख्या 25,922 थी, जिनमें 975 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। अकेले मुंबई में संक्रमण के 15,747 मामले हैं और 596 मौतें हुई हैं।
राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को 24 मार्च को लागू किया गया, फिर बाद में इसे दो बार बढ़ाया गया, पहले 14 अप्रैल को, फिर 4 मई को इसकी अवधि बढ़ाई गई। लॉकडाउन का तीसरा चरण 17 मई को समाप्त होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिए अपने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि लॉकडाउन का चौथा चरण होगा, जो पहले के तीन चरणों से बहुत अलग होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2020 06:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

