एजेंसी न्यूज

किसानों को खाद-बीज को लेकर कोई परेशानी नहीं आए: गहलोत

गहलोत मुख्यमंत्री निवास में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए एमएसपी पर खरीद, खरीफ सीजन में खाद व बीज की उपलब्धता, टिड्डी नियंत्रण, प्रधानमंत्री फसल बीमा तथा ओलावृष्टि के कारण हुए नुकसान को लेकर समीक्षा कर रहे थे।

किसानों को खाद-बीज को लेकर कोई परेशानी नहीं आए: गहलोत
जमात

जयपुर, छह मई राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को अधिकारियों से कहा कि राज्य में गेहूं, सरसों व चने की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद के तय लक्ष्यों को हर हाल में हासिल किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों को खाद बीज को लेकर कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए।

गहलोत मुख्यमंत्री निवास में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए एमएसपी पर खरीद, खरीफ सीजन में खाद व बीज की उपलब्धता, टिड्डी नियंत्रण, प्रधानमंत्री फसल बीमा तथा ओलावृष्टि के कारण हुए नुकसान को लेकर समीक्षा कर रहे थे।

उन्होंने अधिकारियों को ऐसी योजना पर काम करने के निर्देश दिए हैं कि राज्य के लिए निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की सीमा को और बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के कारण खरीद में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान कर खरीद की प्रक्रिया को गति दी जाए।

गहलोत ने कहा कि आगामी सीजन के लिए खाद व बीज की पर्याप्त उपलब्धता रहे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी खाद-बीज के लिए भीड़ एकत्र नहीं हो। राहत पैकेज के तहत मक्का एवं बाजरा के निशुल्क मिनीकिट का वितरण जल्द किया जाए।

मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती इलाकों में टिड्डी नियंत्रण के लिए आपात योजना बनाने को कहा और कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रीमियम का भविष्य में बैकलॉग नहीं रहे।

गहलोत ने विगत दिनों ओलावृष्टि व आंधी से प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुए नुकसान की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रभावितों को जल्द से जल्द सहायता प्रदान की जाए।

पृथ्वी कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2020 11:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).