Vietnam Boat Tragedy: वियतनाम में बड़ा हादसा, फू कोओक द्वीप के पास पर्यटकों से भरी स्पीडबोट पलटी, 15 भारतीय नागरिकों की मौत; 17 घायल; VIDEO

वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फू कोओक (Phu Quoc) द्वीप के पास शनिवार को एक दर्दनाक नाव हादसे में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए. पीड़ित मोबाइल कंपनी 'लावा इंटरनेशनल' के प्रायोजित दौरे पर गए थे.

Vietnam Boat Tragedy

 Vietnam Boat Tragedy:  वियतनाम के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फू कोओक (Phu Quoc) द्वीप के पास शनिवार दोपहर एक भीषण नाव हादसा हो गया. भारतीय समय के अनुसार दोपहर करीब 1:00 बजे (स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे), 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के चार सदस्यों को ले जा रही एक स्पीडबोट होन मे रुत न्गोई (Hon May Rut Ngoai) द्वीप से महज 500 मीटर की दूरी पर समुद्र में पलट गई. इस हादसे में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई है, जबकि 17 अन्य लोग घायल हुए हैं.

लावा इंटरनेशनल के बिजनेस ट्रिप पर गए थे पर्यटक

हादसे का शिकार हुए सभी पर्यटक मोबाइल फोन निर्माता कंपनी 'लावा इंटरनेशनल' (Lava International) के डीलर नेटवर्क का हिस्सा थे. कंपनी की ओर से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना सहित देश के विभिन्न राज्यों के मोबाइल डीलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए वियतनाम के सबसे बड़े द्वीप 'फू कोओक' की एक इंसेंटिव यात्रा आयोजित की गई थी. यह हादसा उस समय हुआ जब ये सभी लोग एक द्वीप की सैर करने के बाद वापस लौट रहे थे. भारतीय दूतावास के अनुसार, मृतकों में 10 तमिलनाडु से, 3 आंध्र प्रदेश से और 2 केरल से हैं, जबकि कई घायल तेलंगाना के निवासी हैं.  यह भी पढ़े: VIDEO: वियतनाम के हालोंग खाड़ी में बड़ा हादसा! टूरिस्ट बोट पलटने से 27 लोगों की मौत; दर्जनों बच्चों समेत कई लापता

वियतनाम में बड़ा हादसा

चश्मदीदों ने बयां किया खौफनाक मंजर

हादसे में बचे आंध्र प्रदेश के आशीष कुमार ने आपबीती बताते हुए कहा कि नाव ने अभी आधा किलोमीटर का सफर भी तय नहीं किया था कि वह अचानक एक तरफ पलट गई. उन्होंने कहा, "हम सभी चिल्लाने लगे—बचाओ! बचाओ! आसपास की अन्य नावें तुरंत मदद के लिए आगे आईं, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी." कुछ चश्मदीदों के मुताबिक, नाव पलटने के कारण कुछ लोग उसके अंदर ही फंस गए थे. उत्तरजीवियों का आरोप है कि जब उन्हें किनारे लाया गया, तो वहां तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं.

कंपनी और सरकार ने शुरू किया राहत कार्य

लावा इंटरनेशनल ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. कंपनी ने कहा कि भारत और वियतनाम में उनकी टीमें प्रभावित परिवारों के निरंतर संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है.

हो ची मिन्ह सिटी में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आपातकालीन कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं. आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों ने अपने मुख्य सचिवों को विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर राहत कार्यों की निगरानी करने और शवों को वापस लाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) के माध्यम से इस हादसे पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.

वियतनाम के प्रधानमंत्री ने दिए जांच के आदेश

इस भीषण त्रासदी के बाद वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हुंग ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए. शुरुआती तौर पर खराब मौसम, समुद्र की ऊंची लहरों या तकनीकी खराबी को इस हादसे की वजह माना जा रहा है. हालांकि, पूरी स्थिति आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.

Share Now

Tags

Boat Capsize Video Boat Mishap Indian Citizens Dead Indian Tourists Accident Indian Tourists Killed international news Lava International Tour Maritime Accident Phu Quoc Island Phu Quoc Island Accident Phu Quoc Speedboat Capsize Rescue operation Speedboat Overturns Tourist Safety Tourist Tragedy Travel Accident Vietnam boat accident Vietnam Boat Tragedy Vietnam Breaking News Vietnam Coast Guard Vietnam Maritime Tragedy Vietnam News Vietnam Speedboat Accident Vietnam Tourist Boat Capsize world news अंतरराष्‍ट्रीय समाचार ताजा खबरें नाव दुर्घटना नाव पलटने का वीडियो पर्यटक त्रासदी पर्यटक नाव पलटी पर्यटक सुरक्षा फू कोओक द्वीप हादसा बचाव अभियान भारतीय नागरिकों की मौत भारतीय पर्यटक मौत भारतीय पर्यटक हादसा यात्रा दुर्घटना लावा इंटरनेशनल ट्रिप वियतनाम तटरक्षक बल वियतनाम नाव हादसा वियतनाम ब्रेकिंग न्यूज वियतनाम समाचार वियतनाम स्पीडबोट दुर्घटना विश्व समाचार समुद्री हादसा स्पीडबोट हादसा