अमेरिका: विशेष अधिवक्ता रॉबर्ट मुलर ने कांफिडेंसिअल रूसी जांच रिपोर्ट अटॉर्नी जनरल विलियम बर को सौंपी
अमेरिका के विशेष अधिवक्ता रॉबर्ट मुलर (Robert Mueller) ने 2016 चुनाव में रूस के कथित हस्तक्षेप मामले में अपनी गोपनीय जांच रिपोर्ट अटॉर्नी जनरल विलियम बर को सौंप दी है.
वॉशिंगटन: अमेरिका के विशेष अधिवक्ता रॉबर्ट मुलर (Robert Mueller) ने 2016 चुनाव में रूस के कथित हस्तक्षेप मामले में अपनी गोपनीय जांच रिपोर्ट अटॉर्नी जनरल विलियम बर को सौंप दी है. मीडिया में जारी रिपोर्ट में यह कहा गया. मुलर करीब दो साल से 2016 अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के प्रचार अभियान और रूस के बीच सांठ-गांठ की जांच कर रहे थे.
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, न्याय विभाग ने शुक्रवार देर रात कांग्रेस को सूचित किया कि उसे मुलर की रिपोर्ट मिल गई है. हालांकि, न्याय विभाग ने रिपोर्ट के कंटेंट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी. सिन्हुआ न्यूज एजेंसी के मुताबिक, मुलर की जांच के विवरण का कोई खुलासा नहीं हुआ है और न ही यह स्पष्ट है कि इसे सार्वजनिक कब किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने वेनेजुएला के काराकस प्रमुख बैंक ‘बैंडेस’ और चार सहयोगी प्रतिष्ठानों पर लगाए प्रतिबंध
बार ने कथित तौर पर कहा है कि वह कांग्रेस को जांच रिपोर्ट के विवरण के बारे में इस साप्ताहांत तक बता सकते हैं. व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को कहा कि उसे विशेष अधिवक्ता की रिपोर्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है. बयान में कहा गया, "इस पर आगे के कदम के बारे में अटॉर्नी जनरल बर को तय करना है."
मुलर को मई 2017 में डिप्टी अटॉर्नी जनरल रोड रोसेंनटीन ने इस जांच के लिए नियुक्त किया था. नियमानुसार, उन्हें जांच पूरी होने पर बर को इसकी रिपोर्ट सौंपनी थी और बर को उसके बाद मुलर की जांच के बारे में कांग्रेस को सूचित करना था.
बर ने कहा कि वह मुलर की रिपोर्ट का सारांश प्रस्तुत करते हुए अपनी रिपोर्ट लिखेंगे. ट्रंप ने हालांकि, बार-बार अपने चुनाव अभियान और रूस के बीच किसी भी प्रकार के हस्तक्षेप को खारिज करते हुए जांच को 'विच हंट' करार दिया है. रूस भी इन आरोपों से इंकार करता रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 23, 2019 11:15 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

