विदेश

उत्तर पाकिस्तान में भूकंप के झटके से PoK में दो की मौत, 100 घायल

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद सहित कई उत्तरी शहरों में मंगलवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किये गये. भूकंप से पाक अधिकृत कश्मीर में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 100 से अधिक लोग घायल हो गये

उत्तर पाकिस्तान में भूकंप के झटके से PoK में दो  की मौत, 100  घायल
भूकंप से पाकिस्तान में भारी तबाही (Photo Credits-Twitter)

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद सहित कई उत्तरी शहरों में मंगलवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किये गये. भूकंप से पाक अधिकृत कश्मीर में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 100 से अधिक लोग घायल हो गये. अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप का केन्द्र पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (Pok) में न्यू मीरपुर के निकट स्थित था. पीओके के खेल, युवा और संस्कृति मंत्री चौधरी मोहम्मद सईद ने मीडिया को बताया कि मीरपुर जिले के विभिन्न भागों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गये. पाकिस्तान मौसम विभाग के भूकंप केन्द्र ने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.8 मापी गई और इसका केन्द्र पंजाब प्रांत में पहाड़ी शहर झेलम के निकट जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था. हालांकि विज्ञान मंत्री फवाद चौधरी ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 7.1 थी.

उपायुक्त राजा कैसर (Raja Kaisar) ने बताया कि भूकंप के बाद मीरपुर में कई मकान ढह गये. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में एक मस्जिद का काफी हिस्सा ढह गया जो कि भूकंप से बुरी तरह से प्रभावित है। पीओके में अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित की गई है. टीवी चैनलों की फुटेज में दिखाया गया है कि मीरपुर में सड़कें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं और कई वाहन पलट गये। कई कारें भूकंप से सड़कों पर बने गहरे गड्ढों में गिर गईं. पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने पीओके में भूकंप पीड़ितों के लिए ‘‘तुरन्त राहत अभियान चलाने’’ के निर्देश दिये हैं. यह भी पढ़े: भूकंप से पाकिस्तान में भारी तबाही, 5 की मौत, 50 घायल: पाक मीडिया रिपोर्ट

सेना की मीडिया इकाई ने ट्वीट किया कि सेना के जवानों को चिकित्सा सहायता दलों के साथ भेजा गया है. राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद अफजल ने बताया कि ज्यादातर नुकसान मीरपुर और झेलम में हुआ है. उन्होंने कहा, ‘‘हम भूकंप में हुए जानमाल के नुकसान का आकलन कर रहे हैं. कोहाट, चारसद्दा, कसूर, फैसलाबाद, गुजरात, सियालकोट, ऐबटाबाद, मनसेहरा, चित्राल, मलकंद, मुल्तान, ओकारा, नौशेरा, अटक और झंग सहित कई शहरों में भूकंप के झटके महसूस किये गये.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 24, 2019 08:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).