Middle East Tensions: मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच दुबई में फंसे जोधपुर के 120 श्रद्धालु; युद्ध के माहौल में संतों ने आध्यात्मिक कार्यक्रमों से बढ़ा रहे है मनोबल; देखें VIDEO

पश्चिम एशिया में ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण हवाई सेवाएं ठप होने से राजस्थान के जोधपुर के 120 श्रद्धालु दुबई में फंस गए हैं. ये श्रद्धालु एक धार्मिक कार्यक्रम के लिए वहां गए थे. संकट की इस घड़ी में संत अमृतराम महाराज और संत रामप्रसाद महाराज आध्यात्मिक कार्यक्रमों के जरिए उनका मनोबल बढ़ा रहे हैं

(Photo Credits Twitter)

Middle East Tensions: पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल के बीच छिड़े युद्ध और हवाई क्षेत्र (Airspace) बंद होने का सीधा असर अब आम भारतीय नागरिकों पर दिखने लगा है. राजस्थान के जोधपुर जिले के करीब 120 श्रद्धालु इस समय दुबई में फंसे हुए हैं. ये सभी श्रद्धालु एक पूर्व निर्धारित कथा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दुबई गए थे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द होने के कारण उनकी वतन वापसी रुक गई है. क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है.

कथा कार्यक्रम के लिए गए थे दुबई

जानकारी के अनुसार, जोधपुर से श्रद्धालुओं का यह जत्था आध्यात्मिक गुरुओं के सानिध्य में दुबई पहुंचा था. वहां आयोजित धार्मिक कथा और सत्संग कार्यक्रमों के समापन के बाद उन्हें भारत लौटना था. हालांकि, 28 फरवरी के बाद बदले वैश्विक हालात और खाड़ी देशों के ऊपर से उड़ानों पर लगे प्रतिबंधों के कारण वे वहां फंस गए. दुबई एयरपोर्ट पर भारी भीड़ और उड़ानों की अनिश्चितता के कारण फिलहाल उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है.  यह भी पढ़े:   Israel-Iran Conflict: इज़राइल-ईरान तनाव के बीच दिल्ली से मुंबई तक सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द, एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में यात्री फंसे (Watch Videos)

दुबई में फंसे जोधपुर के 120 श्रद्धालु

संतों ने बढ़ाया श्रद्धालुओं का हौसला

दुबई में फंसे श्रद्धालुओं के बीच डर और अनिश्चितता को कम करने के लिए जत्थे के साथ मौजूद संत अमृतराम महाराज और संत रामप्रसाद महाराज आगे आए हैं. संकट के इस समय में दोनों संत लगातार सत्संग और भजन कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं. इन आध्यात्मिक सभाओं का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं का मनोबल बनाए रखना और उन्हें धैर्य रखने के लिए प्रेरित करना है. संतों का कहना है कि विपरीत परिस्थितियों में घबराने के बजाय ईश्वर पर विश्वास रखना जरूरी है.

घर वापसी के लिए प्रयास जारी

जोधपुर में रह रहे श्रद्धालुओं के परिजनों ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से गुहार लगाई है कि उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित वापस लाया जाए. दुबई स्थित भारतीय दूतावास भी लगातार एयरलाइंस और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है. हालांकि, युद्ध की स्थिति और एयरस्पेस पर पाबंदियों की वजह से उड़ानों का दोबारा शुरू होना पूरी तरह सुरक्षा मानकों पर निर्भर करता है.

प्रवासियों के लिए सुरक्षा अलर्ट

दुबई और अन्य खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों के लिए भारतीय दूतावास ने पहले ही एडवाइजरी जारी की है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही विश्वास करें. जोधपुर के इन श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय है और दूतावास के जरिए उनके स्वास्थ्य और भोजन की व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है.

Share Now

\