विदेश

ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन बोले, ब्रेग्जिट समझौते पर बनी सहमति

ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने गुरुवार को कहा कि ब्रसेल्स में यूरोपीय नेताओं की बैठक से पहले ब्रिटेन और यूरोपीय संघ (ईयू) के वार्ताकारों के बीच ब्रेग्जिट समझौते पर सहमति बन गई है

ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन  बोले,  ब्रेग्जिट समझौते पर बनी सहमति
ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (फाइल फोटो )

लंदन: ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Prime Minister Boris Johnson) ने गुरुवार को कहा कि ब्रसेल्स में यूरोपीय नेताओं की बैठक से पहले ब्रिटेन और यूरोपीय संघ (ईयू) के वार्ताकारों के बीच ब्रेग्जिट समझौते पर सहमति बन गई है.  ईयू आयोग के अध्यक्ष ज्यां क्लोद जुंके ने भी करार पर सहमति बनने की पुष्टि करते हुए कहा कि अब इसे यूरोपीय नेताओं के समक्ष चर्चा के लिए रखा जाएगा. ईयू सम्मेलन में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले जॉनसन ने ट्वीट किया, ‘‘हम एक बेहतरीन करार पर सहमति बनाने में सफल हुए हैं.’’

जुंके ने ट्वीट किया, ‘‘जहां चाह वहां करार और हमारे पास एक करार है. यह ईयू और ब्रिटेन के लिए निष्पक्ष और संतुलित है एवं यह समस्या का हल निकालने के लिए हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप है. ’’उन्होंने कहा, ‘‘ मैं यूरोपीय परिषद से करार को समर्थन देने की अनुशंसा करता हूं. ’’ब्रिटेन और ईयू करार के कानूनी मसौदे पर काम कर रहे हैं लेकिन इसे लागू करने के लिए ब्रिटेन और ईयू की संसदों से मंजूरी लेनी होगी। उत्तरी आयरलैंड की डेमोक्रेटिक यूनियनिस्ट पार्टी (डीयूपी) ने यह कहकर आशंका पैदा कर दी है कि वह अब भी इस करार का समर्थन नहीं करेगी. यह भी पढ़े: ब्रेक्जिट पर ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन की संसद में बड़ी हार, समय से पूर्व चुनाव की संभावना

उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन को 31 अक्टूबर तक ईयू से अलग होना है और जॉनसन इस समयसीमा में किसी करार पर पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं. ब्रिटेन की ओर से वार्ता टीम का नेतृत्व ईयू से अलग होने के मामले के राज्यमंत्री स्टीफन बर्कले और ईयू वार्ता टीम का नेतृत्व माइकल बरनिये कर रहे हैं। दोनों पक्ष बुधवार को बातचीत के उस दौर में पहुंचे जहां समझौते पर सहमति को लेकर दबाव चरम पर है ताकि दो दिवसीय ईयू शिखर सम्मेलन के दौरान 28 सदस्य देशों के नेता उसे मंजूरी दे सके.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 17, 2019 08:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).