विदेश

LIVE: दिनभर की न्यूज और ताजा अपडेट

आज की सारी खबरें और अपडेट एक साथ, एक जगह आपको देने के लिए हम इस पेज को लगातार अपडेट कर रहे हैं.

LIVE: दिनभर की न्यूज और ताजा अपडेट
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

आज की सारी खबरें और अपडेट एक साथ, एक जगह आपको देने के लिए हम इस पेज को लगातार अपडेट कर रहे हैं. राजनीति, खेल, विज्ञान, पर्यावरण और अन्य सभी जरूरी मुद्दों पर ताजा खबरें आपको यहां मिलती रहेंगी. बने रहिए हमारे साथ.- हमले की तैयारी कर रहा है भारत, पाकिस्तान ने किया दावा

- ट्रंप ने यूक्रेन को दी चेतावनी, कुचला जा सकता है

- डॉनल्ड ट्रंप ने मनाया 100 दिन पूरे होने का जश्न

पहलगाम आतंकी हमले के बाद पीएम मोदी ने बुलाई हाई लेवल बैठकें

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए हमले के बाद सुरक्षा को लेकर आज दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की दूसरी बैठक हुई.

बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. इस दौरान सुरक्षा हालात और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई. प्रधानमंत्री मोदी ने इसके अलावा दो और अहम बैठकें भी बुलाईं. इनमें कैबिनेट कमेटी ऑन पॉलिटिकल अफेयर्स (सीसीपीए) और कैबिनेट की इकोनॉमिक अफेयर्स कमेटी (सीसीईए) की बैठक शामिल है.

भारतीय मीडिया में आ रही रिपोर्टों के मुताबिक, सभी बैठकों में कश्मीर के हालात, आतंकवाद से निपटने की रणनीति और आंतरिक सुरक्षा को लेकर कई फैसले लिए गए हैं. इन बैठकों के बाद आज दोपहर 3 बजे एक आधिकारिक कैबिनेट ब्रीफिंग प्रस्तावित है. सरकार की ओर से विस्तृत जानकारी इस ब्रीफिंग में दी जाएगी.

चीन ने जर्मनी से कहा, बदनाम करना बंद करो

चीन ने बुधवार को जर्मनी को चेतावनी दी है कि वह उस पर “झूठे आरोप लगाना और बदनामी” करना बंद करे. यह बयान तब आया जब एक जर्मन नागरिक पर चीन के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया गया.

अभियोजन पक्ष के अनुसार, आरोपी का नाम जियान जी है. वह 2002 से चीन की खुफिया एजेंसियों के लिए काम कर रहा था. 2019 से 2024 के बीच वह जर्मनी की दक्षिणपंथी पार्टी एएफडी के नेता माक्सिमिलियन क्राह का सहायक था. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा, “चीन पर जासूसी के झूठे आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण हैं.”

जांच में पता चला है कि जियान ने यूरोपीय संसद की गोपनीय जानकारियां चीन को दीं जिनमें 500 से अधिक दस्तावेज शामिल थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें कुछ बहुत संवेदनशील दस्तावेज भी थे. वह चीन के विरोधियों की जासूसी भी कर रहा था और सोशल मीडिया पर खुद को सरकार विरोधी बताकर संपर्क बना रहा था.

एक और चीनी नागरिक याकी एक्स. पर भी जियान की मदद करने का आरोप है. वह लाइपत्सिग एयरपोर्ट पर डिफेंस फ्लाइट्स और यात्रियों की जानकारी जुटाती थी. खबरों के मुताबिक, उसके निशाने पर जर्मनी की हथियार कंपनी राइनमेटाल थी.

एएफडी नेता क्राह को पहले भी विवादित बयान देने के कारण पार्टी से निलंबित किया गया था, लेकिन फरवरी में वह सांसद बने. इस चुनाव में एएफडी को अब तक की सबसे बड़ी जीत मिली.

मैसूरु के टेक उद्यमी ने अमेरिका में पत्नी और बेटे की हत्या कर खुदकुशी की

मैसूरु के तकनीकी उद्यमी हर्षवर्धन एस. किक्केरी ने अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य के न्यू कैसल शहर में 24 अप्रैल को अपनी पत्नी और 14 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली. इस घटना में उनका छोटा बेटा बच गया.

हर्षवर्धन (57) और उनकी पत्नी श्वेता पन्यम (44) ने मिलकर 2017 में मैसूरु में रोबोटिक्स स्टार्टअप 'होलोवर्ल्ड' की स्थापना की थी. यह कंपनी 'होलोसूट' नामक एक वायरलेस फुल-बॉडी मोशन कैप्चर सूट के लिए जानी जाती थी, जिसका इस्तेमाल खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में होता था. कंपनी ने 2022 में अपना काम बंद कर दिया.

हर्षवर्धन मूल रूप से मंड्या जिले के किक्केरी गांव के रहने वाले थे. उन्होंने मैसूरु के श्री जयचामराजेंद्र कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से स्नातक किया था और अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट में रोबोटिक्स विशेषज्ञ के रूप में काम किया था. उनके काम को दुनियाभर में पहचान मिली थी और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर सीमा सुरक्षा में रोबोट के उपयोग का प्रस्ताव भी रखा था.

किंग काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, 911 कॉल के जवाब में जब पुलिस हर्षवर्धन के घर पहुंची तो वहां तीन शव मिले. घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है.

34 साल में 57 बार ट्रांसफर होने वाले आईएएस अधिकारी होंगे रिटायर

हरियाणा के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक खेमका आज यानी 30 अप्रैल 2025 को रिटायर हो जाएंगे. 1991 बैच के अधिकारी खेमका ने अपने 34 साल के करियर में 57 बार तबादले का सामना किया है. यह हरियाणा में किसी भी आईएएस अधिकारी के लिए दूसरा सबसे अधिक तबादला है.

खेमका ने कई विभागों में कार्य किया और विभिन्न अनियमितताओं को उजागर किया. 2012 में उन्होंने गुरुग्राम में रॉबर्ट वाड्रा और डीएलएफ के बीच हुए भूमि सौदे का म्यूटेशन रद्द किया था, जिससे वे सुर्खियों में आए. इसके बाद उन्हें कई बार तबादलों का सामना करना पड़ा.

उनकी शिक्षा आईआईटी खड़गपुर से कंप्यूटर साइंस में बी.टेक, टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च से पीएच.डी., और इग्नू से एमए इकोनॉमिक्स में हुई. उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से एलएलबी भी किया.

खेमका ने अपने करियर में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई और कई बार जांच की मांग की. अपने प्रयासों के बावजूद, उन्हें बार-बार तबादलों का सामना करना पड़ा. खेमका ने संकेत दिया है कि वह रिटायरमेंट के बाद समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे.

मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन पर कक्षाओं के निर्माण में भ्रष्टाचार करने का आरोप

दिल्ली सरकार की एंटी-करप्शन ब्रांच ने पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. उन पर स्कूलों के निर्माण में भ्रष्टाचार करने का आरोप है. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, अधिकारियों का कहना है कि यह घोटाला लगभग दो हजार करोड़ रुपये का है और आम आदमी पार्टी के कार्यकाल के दौरान 12.7 हजार कक्षाओं या भवनों के निर्माण से जुड़ा हुआ है.

दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने 2019 में इस मामले की शिकायत की थी. उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि सरकार ने एक कक्षा बनवाने के लिए लगभग 28 लाख रुपये खर्च किए, जबकि दिल्ली में एक साधारण कक्षा लगभग पांच लाख रुपये में बन जाती है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि इसके ठेके 34 ठेकेदारों को दिए गए, जिनमें से ज्यादातर आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए थे.

अधिकारियों का कहना है कि कक्षाओं की निर्माण लागत में काफी बढ़ोतरी देखी गई और एक भी काम निर्धारित समय पर पूरा नहीं हुआ. इसके अलावा, यह आरोप भी लगाए गए हैं कि प्रोजेक्ट के लिए सलाहकार और आर्किटेक्ट की नियुक्ति में भी तय प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था.

एक मई से महंगा हो जाएगा एटीएम से पैसे निकालना

एक मई 2025 से एटीएम से नकद पैसे निकालना महंगा हो जाएगा. भारतीय रिजर्व बैंक के नए नियमों के तहत, मुफ्त लेन-देन की सीमा पार करने पर अब 23 रुपये प्रति ट्रांजेक्शन शुल्क लगेगा, जो पहले 21 रुपये था.

नए नियमों के अनुसार, मेट्रो शहरों में ग्राहक अन्य बैंकों के एटीएम से महीने में तीन मुफ्त लेन-देन कर सकते हैं, जबकि गैर-मेट्रो क्षेत्रों में यह सीमा पांच है. अपने बैंक के एटीएम पर, ग्राहक हर महीने पांच मुफ्त लेन-देन कर सकते हैं. ये सीमाएं वित्तीय (जैसे नकद निकासी) और गैर-वित्तीय (जैसे बैलेंस चेक, मिनी स्टेटमेंट) दोनों लेन-देन पर लागू होती हैं.

सीमा पार करने पर, 23 रुपये प्रति अतिरिक्त ट्रांजेक्शन शुल्क लगेगा, जिसमें जीएसटी अलग से जोड़ा जाएगा. यह शुल्क कैश रीसाइकल मशीनों (सीआरएम) पर किए गए लेन-देन पर भी लागू होगा. हालांकि, नकद जमा कराने को इससे बाहर रखा गया है.

एचडीएफसी बैंक ने स्पष्ट किया है कि उसके एटीएम पर केवल नकद निकालने पर ही शुल्क लगेगा, जबकि बैलेंस चेक और पिन बदलने जैसे गैर-वित्तीय लेन-देन मुफ्त रहेंगे. अन्य बैंकों के एटीएम पर, दोनों प्रकार के लेन-देन गिने जाएंगे. पीएनबी और इंडसइंड बैंक ने भी ग्राहकों को नए शुल्कों के बारे में सूचित किया है. पीएनबी के अनुसार, 9 मई 2025 से अन्य बैंकों के एटीएम पर अतिरिक्त वित्तीय लेन-देन पर 23 रुपये और गैर-वित्तीय लेन-देन पर 11 रुपये शुल्क लगेगा.

भारत ने पहलगाम हमले का जवाब देने के लिए सेना को दी पूरी “ऑपरेशनल फ्रीडम”

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना को पहलगाम हमले के जवाब में अभियान चलाने की आजादी दी है. न्यूज एजेंसी एएफपी ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि सेना को “आतंकी हमले के जवाब का तरीका, लक्ष्य और समय तय करने की पूरी ऑपरेशनल फ्रीडम दी गई है.”

मंगलवार को पीएम मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ उच्च-स्तरीय बैठक की थी. इस मीटिंग में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान भी शामिल रहे थे. एएफपी के मुताबिक, इस बैठक में सेना को पूरी छूट दी गई.

इस बीच, न्यूज एजेंसी एएनआई ने सैन्य सूत्रों के हवाले से बताया है कि पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार रात को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी गोलीबारी की है. सूत्र ने कहा, “मंगलवार सुबह तक पाकिस्तानी सेना केवल नियंत्रण रेखा पर ही संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रही थी, लेकिन उन्होंने मंगलवार रात को जम्मू के परगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी करके स्थिति को और बिगाड़ दिया है.”

कोलकाता के होटल में आग लगने से 15 लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में स्थित एक होटल में मंगलवार रात को आग लग गई. हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए. मृतकों में दो बच्चे और एक महिला भी शामिल हैं. आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है.

न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, कई लोगों ने खिड़कियों से निकल कर और छत पर पहुंचकर अपनी जान बचाई. कोलकाता के पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि आग लगने की वजह से होटल एक गैस चैंबर में बदल गया था, इसलिए लगता है कि कई लोगों की मौत दम घुटने से हुई होगी.

आग लगने के दौरान, ऋतुराज होटल में 88 लोग रुके हुए थे. यह होटल कोलकाता के व्यस्त इलाके बड़ा बाजार में स्थित है, जहां पूर्वी भारत का सबसे बड़ा थोक बाजार है. इसके चलते वहां आग बुझाने में अग्निशम्न विभाग को खासी मशक्कत करनी पड़ी.

भारत 24-36 घंटे में हमला कर सकता हैः पाकिस्तान

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तारड़ ने मंगलवार देर रात दावा किया कि भारत अगले 24 से 36 घंटों में पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई कर सकता है. उन्होंने कहा कि यह हमला पहलगाम हमले में कथित तौर पर पाकिस्तान के शामिल होने के "बेबुनियाद आरोपों" के आधार पर किया जा सकता है.

तारड़ ने कहा, "पाकिस्तान के पास विश्वसनीय खुफिया जानकारी है कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की योजना बना रहा है." उन्होंने भारत पर क्षेत्र में "जज, जूरी और जल्लाद" की भूमिका निभाने का आरोप लगाया और इसे "लापरवाही" बताया.

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने भी कहा कि भारत की ओर से "हमला हो सकता" है और इस्लामाबाद हाई अलर्ट पर है. उन्होंने कहा, "हमने अपनी सेनाओं को मजबूत किया है क्योंकि यह अब होने वाला है. ऐसी स्थिति में, कुछ रणनीतिक फैसले लेने पड़े हैं और वे लिए जा चुके हैं."

समझौता नहीं किया तो जल्द कुचला जाएगा यूक्रेनः ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर एक बड़ा और विवादास्पद बयान दिया है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही शांति समझौता नहीं हुआ, तो "यूक्रेन बहुत जल्द कुचला जाएगा." ट्रंप ने खुद को ऐसा नेता बताया जो इस युद्ध को रोक सकता है. उन्होंने कहा कि अगर वह 2020 का चुनाव जीतते, तो यह युद्ध कभी होता ही नहीं.

ट्रंप ने कहा कि वह "यूक्रेन के साथ" हैं, लेकिन जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका भविष्य में यूक्रेन को हथियार देगा, तो उन्होंने जवाब टाल दिया. इसके बजाय उन्होंने रूस पर आर्थिक दबाव डालने की बात कही.

ट्रंप पहले ही वादा कर चुके थे कि राष्ट्रपति पद संभालने के 100 दिनों के भीतर वह यह युद्ध खत्म कर देंगे. हालांकि उनके 100 दिन पूरे हो चुके हैं और अब तक उनके प्रशासन की कोई ऐसी पहल नहीं दिखी है जो कीव और मॉस्को दोनों को मंजूर हो.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2025 05:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).