Israel-Hamas War: ये बड़ी गलती होगी... जो बाइडेन ने गाजा को लेकर इजराइल को दी वार्निंग
CBS न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने गाजा पट्टी पर पूर्ण पैमाने पर कब्जे के खिलाफ इजराइल को चेतवानी दी. बाइडेन ने कहा, "मुझे लगता है कि यह एक बड़ी गलती होगी."
Israel-Hamas War: इजराइल और हमास के बीच जंग जारी है. गाजा पट्टी में लगातार इजराइल के हमलों से हमास के आतंकियों का खात्मा हो रहा है. इस जंग में आम लोगों की जान भी जा रही है. हमास ने अपने हमले में जहां कई इजराइली नागरिकों को निशाना बनाया वहीं इजराइली हमलों में बड़ी संख्या में गाजा के लोगों की मौत हुई है. हमास के साथ युद्ध में अमेरिका इजराइल का खुलकर समर्थन कर रहा है. लेकिन अब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने साफ कर दिया है कि वे गाजा पट्टी में इजराइल के कब्जे का समर्थन नहीं करते. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अगर इजराइल गाजा पर कब्जा करता है, तो यह एक बड़ी गलती होगी. हालांकि, बाइडेन ने कहा कि वे चाहते हैं कि हमास का पूरी तरह से खात्मा हो. गाजा के अस्पतालों ने किया आगाह-बिजली, दवाइयों की आपूर्ति ठप होने पर हजारों मरीजों की जाएगी जान.
CBS न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने गाजा पट्टी पर पूर्ण पैमाने पर कब्जे के खिलाफ इजराइल को चेतवानी दी. बाइडेन ने कहा, "मुझे लगता है कि यह एक बड़ी गलती होगी. गाजा में जो हुआ, मेरे विचार में, वह हमास है और हमास के सभी फिलिस्तीनी लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करता है. मुझे लगता है कि इजराइल के लिए गाजा पर फिर से कब्जा करना एक गलती होगी."
हमास का खात्मा जरूरी
बाइडेन ने गाजा में "चरमपंथियों (हमास) के खात्मे पर जोर दिया. उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि इजराइल युद्ध के नियमों के तहत काम करने जा रहा है. हम अंदर जा रहे हैं, चरमपंथी हमास और हिजबुल्लाह को बाहर निकालने के लिए. यह जरूरी कदम है." बाइडेन से जब पूछा गया कि क्या वे मानते हैं कि हमास को पूरी तरह खत्म कर देना चाहिए? इस पर उन्होंने कहा, हां लेकिन वहां एक फिलिस्तीन प्राधिकरण की आवश्यकता है. फिलिस्तीनी राज्य के लिए एक मार्ग की आवश्यकता है."
गाजा खाली करने का आदेश
दरअसल इजराइल की सेना ने 10 लाख से ज्यादा फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा को खाली करने का आदेश दिया. इजराइल ने गाजा के निवासियों को दक्षिण की ओर जाने के लिए सोशल मीडिया पर भी निर्देश जारी किया. इसके साथ ही विमान के जरिये गिराए गए पर्चों में भी यही आदेश दोहराया गया.
सेना ने कहा है कि वह उत्तर में हमास आतंकवादियों के खिलाफ एक बड़े अभियान से पहले नागरिकों को हटाने की कोशिश कर रही है, जिसमें गाजा शहर में भूमिगत ठिकाने भी शामिल हैं. हालांकि, हमास ने लोगों से अपने घरों में रहने को कहा है. गाजा के हजारों लोग उत्तरी इलाके को खाली करने के इजराइल के आदेश का पालन करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं अन्य लोग वहां के अस्पतालों में जमा हो गए.
7 अक्टूबर से जारी है जंग
7 अक्टूबर को गाजा पट्टी से इजराइल पर हमला कर इस जंग की शुरुआत की थी. हमास की ओर से हजारों रॉकेट दागे थे. इतना ही नहीं हमास के लड़ाके हवा, समुद्री रास्ते और बॉर्डर के जरिए इजराइली सीमा में दाखिल हो गए थे और उन्होंने आम नागरिकों को भी निशाना बनाया. हमास ने सैकड़ों लोगों को बंधक भी बना लिया. इसके बाद से इजराइल गाजा पट्टी में हमास के ठिकानों पर हवाई हमले कर रहा है. इजराइल के हमलों में अब तक गाजा में 2670 की मौत हो चुकी है. 9,600 लोग जख्मी हुए हैं. हमास के कई कमांडर भी ढेर हो चुके हैं.वहीं इजरायल में 1300 लोगों की मौत हुई है. इनमें 29 अमेरिकी नागरिक शामिल हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 16, 2023 08:35 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

