G7 Summit: पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की आज होगी मुलाकात, कश्मीर मुद्दे पर हो सकती है बात
जी-7 शिखर सम्मेलन में बतौर अतिथि हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल फ्रांस में हैं. जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर सोमवार को पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच होने वाली बैठक पर सबकी नजर है. पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के कश्मीर के हालात, व्यापार मुद्दों और परस्पर हितों के आपसी विषयों पर चर्चा करने की संभावना है.
G7 Summit: जी-7 शिखर सम्मेलन में बतौर अतिथि हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) फिलहाल फ्रांस में हैं. दरअसल, भारत जी-7 समूह का हिस्सा नहीं है लेकिन फ्रांस (France) के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों ने मोदी को व्यक्तिगत तौर पर आमंत्रित किया है. यह शिखर सम्मेलन फ्रांस के समुद्र किनारे बसे मनोरम दृश्यों वाले शहर बिआरित्ज (Biarritz) में हो रहा है. पीएम मोदी रविवार को फ्रांस पहुंचे. यहां वह पर्यावरण, जलवायु और डिजिटल बदलाव जैसे ज्वलंत वैश्विक मुद्दों पर बात करेंगे और विश्व नेताओं से भी मुलाकात करेंगे. जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर सोमवार को पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के बीच होने वाली बैठक पर सबकी नजर है.
पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के कश्मीर के हालात, व्यापार मुद्दों और परस्पर हितों के आपसी विषयों पर चर्चा करने की संभावना है. इस सप्ताह वाशिंगटन में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि जब वह सप्ताहांत जी-7 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे तो कश्मीर में स्थिति और भारत-पाकिस्तान तनाव कम करने पर उनसे चर्चा करेंगे. दरअसल, जम्मू और कश्मीर का विशेष दर्जा हटाने और उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के भारत के फैसले के बाद उसके और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है. यह भी पढ़ें- बहरीन ने 250 भारतीय कैदियों की सजा की माफ, पीएम मोदी ने कहा ‘धन्यवाद’
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था, ‘दोनों देशों के बीच बहुत समस्याएं हैं. मैं सुलह के लिए या कुछ करने के लिए हरसंभव प्रयास करुंगा. दोनों के साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं. लेकिन वे दोनों फिलहाल मित्रवत व्यवहार नहीं रखते. जटिल हालात हैं.’ हालांकि भारत ने अमेरिका से स्पष्ट कह दिया है कि कश्मीर का मुद्दा भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय मुद्दा है और इसमें तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 26, 2019 10:06 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

