देश

नाकामी छिपाने के लिए पाकिस्तान ने की नई चाल! बलूचिस्तान ट्रेन हाईजैक को लेकर भारत पर लगाए झूठे आरोप

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस को हाइजैक कर लिया, जिसमें 400 से अधिक यात्री सवार थे. इस बीच, पाकिस्तानी सरकार ने भारत पर बेबुनियाद आरोप लगाए हैं, जबकि बलूच विद्रोहियों ने ट्रेन हाइजैक का वीडियो जारी किया है.

नाकामी छिपाने के लिए पाकिस्तान ने की नई चाल! बलूचिस्तान ट्रेन हाईजैक को लेकर भारत पर लगाए झूठे आरोप

मंगलवार को पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में विद्रोही गुट बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने जाफर एक्सप्रेस को हाइजैक कर लिया. इस ट्रेन में 400 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें कई सैन्यकर्मी भी शामिल थे. स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, सुरक्षाबलों ने अब तक 155 यात्रियों को मुक्त करा लिया है और रेस्क्यू ऑपरेशन में 27 आतंकियों को मार गिराया गया है. हालांकि, अभी भी कई यात्रियों को आतंकियों ने बंधक बना रखा है.

भारत पर बेबुनियाद आरोप

इस हमले के बाद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने बिना किसी प्रमाण के भारत पर आरोप लगाया. डॉन टीवी के एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या अफगानिस्तान में रह रहे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से BLA को समर्थन मिल रहा है, तो उन्होंने कहा, "ये भारत कर रहा है, इसमें कोई शक नहीं है. भारत इन्हें मदद दे रहा है और अफगानिस्तान में इन्हें सुरक्षित पनाह मिली हुई है. वहीं बैठकर ये पाकिस्तान विरोधी गतिविधियों की योजना बनाते हैं."

सनाउल्लाह ने बलूचिस्तान में सैन्य बलों द्वारा की जा रही ज्यादतियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह कोई नया मुद्दा नहीं है. "बलूचिस्तान में इस तरह की घटनाएं लंबे समय से हो रही हैं, लेकिन अब अफगानिस्तान में इन्हें पनाहगाह मिल गई है. उन्हें वित्तीय मदद मिल रही है और हमले की योजना बनाने के लिए खुली छूट दी गई है."

रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही मुश्किलें

पाकिस्तानी सेना बंधकों को छुड़ाने के लिए अभियान चला रही है, लेकिन इसमें कई बाधाएं आ रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, BLA ने बंधकों के बीच अपने सुसाइड बॉम्बर्स को बिठा दिया है, जिन्होंने आत्मघाती जैकेट पहन रखी है. इससे सुरक्षाबलों के लिए बंधकों को सुरक्षित बचाना मुश्किल हो गया है और ऑपरेशन को सावधानीपूर्वक अंजाम दिया जा रहा है.

बलूच आर्मी ने जारी किया वीडियो

इस बीच, बलूच लिबरेशन आर्मी ने ट्रेन हाइजैक का एक वीडियो जारी किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि ट्रेन सामान्य गति से चल रही थी, तभी अचानक धमाका होता है और ट्रेन रुक जाती है. इसके बाद वीडियो में पहाड़ियों में BLA के लड़ाके दिखाई देते हैं, जो ट्रेन की ओर बढ़ रहे हैं.

कहां हुआ हमला?

जाफर एक्सप्रेस सुबह 9 बजे पेशावर के लिए रवाना हुई थी और दोपहर 1:30 बजे सिब्बी स्टेशन पहुंचने वाली थी. लेकिन इससे पहले ही बोलान के माशफाक टनल के पास ट्रेन पर हमला कर दिया गया. इस हमले के बाद बलूचिस्तान में सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है और सेना पूरी ताकत से बंधकों को छुड़ाने में लगी हुई है.

बलूचिस्तान में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और BLA जैसे विद्रोही गुटों की गतिविधियां पाकिस्तान के लिए एक बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं. सरकार और सेना को इस मुद्दे से निपटने के लिए ठोस रणनीति बनानी होगी, ताकि भविष्य में ऐसे हमलों को रोका जा सके.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 12, 2025 03:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).