Oracle Layoffs: क्या सितंबर में फिर शुरू हुई छंटनी? AI निवेश के बीच कर्मचारियों में बढ़ी चिंता
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार छंटनी पहले की तरह एक साथ नहीं हो रही है. कर्मचारियों को एक साथ ईमेल भेजने की बजाय कंपनी धीरे-धीरे वर्कफोर्स में बदलाव कर रही है. भारत समेत कई देशों में मौजूद इंजीनियरिंग और सपोर्ट टीमों के कर्मचारी आंतरिक मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं.
Oracle Layoffs: टेक्नोलॉजी दिग्गज Oracle में एक बार फिर संभावित छंटनी की अटकलें तेज हो गई हैं. कंपनी ने सितंबर में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन आंतरिक संचार और वर्कस्पेस चैनलों पर हो रही गतिविधियों ने कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है. AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी निवेश और लागत कम करने की रणनीति के बीच कर्मचारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
7,000 से 10,000 नौकरियों पर मंडरा रहा खतरा
FirstPost की रिपोर्ट के मुताबिक, Oracle में दुनियाभर में 7,000 से 10,000 कर्मचारियों की छंटनी की अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि अगस्त के अंत और सितंबर की शुरुआत में बड़े पैमाने पर छंटनी नहीं हुई, लेकिन कर्मचारी अब भी कंपनी के आंतरिक सिस्टम और कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म पर नजर रख रहे हैं. एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर सेक्टर में जारी पुनर्गठन के बीच Oracle भी अपने वर्कफोर्स में बदलाव कर सकती है.
AI निवेश के कारण बढ़ा लागत का दबाव
Oracle इस समय क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा सेंटर क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है. कंपनी के नियामकीय दस्तावेजों के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष में Oracle के कर्मचारियों की संख्या करीब 1.62 लाख से घटकर 1.41 लाख रह गई. कंपनी ने यह भी माना है कि ऑटोमेशन और एडवांस AI टूल्स के बढ़ते इस्तेमाल का असर कर्मचारियों की जरूरतों पर पड़ रहा है.
धीरे-धीरे हो रही है वर्कफोर्स में कटौती
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार छंटनी पहले की तरह एक साथ नहीं हो रही है. कर्मचारियों को एक साथ ईमेल भेजने की बजाय कंपनी धीरे-धीरे वर्कफोर्स में बदलाव कर रही है. भारत समेत कई देशों में मौजूद इंजीनियरिंग और सपोर्ट टीमों के कर्मचारी आंतरिक मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और कंपनी की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहे हैं.
AI डील्स से शेयरों में आई तेजी
एक तरफ संभावित छंटनी की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर Oracle के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली है. AI कंपनियों के साथ बड़े क्लाउड समझौतों और विश्लेषकों की सकारात्मक राय के चलते कंपनी के शेयरों में उछाल आया है. अब निवेशकों की नजर Oracle के आगामी तिमाही नतीजों पर है, जिससे यह पता चलेगा कि AI और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर पर किया गया भारी निवेश कंपनी के राजस्व में कितना योगदान दे रहा है.