Oracle Layoffs 2026: ओरेकल में फिर छंटनी, सुबह 6 बजे ईमेल भेजकर कई कर्मचारियों की नौकरी से निकालने की दी सूचना
विदिग्गज टेक कंपनी ओरेकल (Oracle) ने छंटनी के नए दौर की शुरुआत कर दी है. कर्मचारियों को सुबह 6 बजे ईमेल भेजकर नौकरी खत्म होने की जानकारी दी गई है. इससे पहले कंपनी वित्तीय वर्ष 2026 में 21,000 नौकरियों की कटौती कर चुकी है.
Oracle Layoffs 2026: वैश्विक टेक दिग्गजों में छंटनी का दौर रुकने का नाम नहीं ले रहा है. क्लाउड और सॉफ्टवेयर क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ओरेकल (Oracle) ने कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का एक नया दौर शुरू कर दिया है. प्रभावित कर्मचारियों को सुबह-सुबह ईमेल भेजकर बताया गया कि कंपनी में संगठनात्मक बदलाव किए जा रहे हैं और आज ही उनका अंतिम कार्य दिवस है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे लिंक्डइन और रेडिट पर प्रभावित कर्मचारियों ने अपनी आपबीती साझा की है. बिना किसी पूर्व चेतावनी के सिस्टम एक्सेस बंद होने और सुबह 6 बजे मिले इस ईमेल से कर्मचारियों में अनिश्चितता और चिंता का माहौल बन गया है. यह भी पढ़े: Amazon Layoffs: अमेजन में फिर छंटनी का दौर; वाशिंगटन में 121 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी, भारत पर नहीं पड़ेगा असर
21,000 कर्मचारियों को पहले ही निकाला जा चुका है
कंपनी की ओर से जारी रिपोर्टों के अनुसार, 31 मई 2026 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष के दौरान ओरेकल ने अपने कुल वर्कफोर्स में 13 प्रतिशत की कटौती की थी. इसके तहत पहले ही लगभग 21,000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा चुका है.
ताजा छंटनी से पहले कंपनी में कर्मचारियों की संख्या करीब 1.41 लाख थी. नए दौर में ओरेकल ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि कुल कितने कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है, लेकिन ओसीआई (OCI), हेल्थकेयर, कस्टमर सक्सेस और एचआर टेक्नोलॉजी जैसे विभागों से लोगों को निकाले जाने की खबरें हैं.
एआई और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च बढ़ा रही है कंपनी
यह छंटनी ऐसे समय में हो रही है जब ओरेकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है. कंपनी का एआई बिजनेस तेजी से बढ़ रहा है और उसने नए क्लाउड कॉन्ट्रैक्ट्स पर हस्ताक्षर किए हैं.
एआई इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी खर्च और बढ़ते पुनर्गठन खर्चों (Restructuring Costs) को संतुलित करने के लिए कंपनी अपनी परिचालन लागत घटाने और कर्मचारियों की पुनर्रचना पर जोर दे रही है.
भारत और अन्य क्षेत्रों पर भी पड़ सकता है असर
अमेरिका में शुरू हुए इस छंटनी के दौर के बाद अब अन्य वैश्विक केंद्रों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. भारत स्थित ओरेकल डेवलपमेंट सेंटर (IDC) और कस्टमर सपोर्ट टीमों के कर्मचारियों में भी नौकरी जाने का डर बना हुआ है.
विशेषज्ञों का मानना है कि टेक इंडस्ट्री में एआई के बढ़ते प्रभाव और बदलती प्राथमिकताओं के कारण पारंपरिक भूमिकाओं पर कटौती की यह तलवार आने वाले दिनों में भी लटकी रह सकती है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2026 10:39 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

