Make in India: अब Google भी भारत में बनाएगा अपने फोन्स, Pixel 8 से होगी शुरुआत
सर्च इंजन कंपनी गूगल भारत में पिक्सल श्रृंखला के स्मार्टफोन का निर्माण करेगी, जो 2024 से उपलब्ध होंगे। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि गूगल की योजना अगले साल भारत में बने आठ उपकरण पेश करने की है.
नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर: सर्च इंजन कंपनी गूगल भारत में पिक्सल श्रृंखला के स्मार्टफोन का निर्माण करेगी, जो 2024 से उपलब्ध होंगे. कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि गूगल की योजना अगले साल भारत में बने आठ उपकरण पेश करने की है.
प्रौद्योगिकी कंपनी ने भारत के लिए गूगल के वार्षिक कार्यक्रम में अपनी विनिर्माण योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की. कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि कंपनी देश की डिजिटल वृद्धि-गाथा में भरोसेमंद भागीदार बनने के लिए प्रतिबद्ध है.
गूगल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (उपकरण व सेवा) रिक ओस्टरलोह ने कहा कि कंपनी भारत में फोन बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय निर्माताओं के साथ साझेदारी करेगी. ओस्टरलोह ने यहां ‘गूगल फॉर इंडिया’ कार्यक्रम में कहा, ‘‘हम भारत में गूगल पिक्सल श्रृंखला के स्मार्टफोन का विनिर्माण शुरू करेंगे.’’
कंपनी ने पिछले कई वर्षों में भारत में पिक्सल में महत्वपूर्ण वृद्धि देखते हुए देश को पिक्सल स्मार्टफोन की प्राथमिकता माना है.
ओस्टरलोह ने कहा कि देश में पिक्सल स्मार्टफोन का निर्माण करने की कंपनी की योजना में दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सहयोग किया है. वैष्णव ने कहा, “पहले भारत में उपयोग किए जाने वाले 98 प्रतिशत मोबाइल फोन का आयात होता था. अब यहां उपयोग किए जाने वाले 98 प्रतिशत मोबाइल फोन यहीं बने हैं. इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां अब भारत में अपना केंद्र स्थापित करना चाहती हैं. भारत एक विश्वसनीय आपूर्ति श्रंखला के तौर पर उभरकर सामने आया है.”
उन्होंने कहा, “पिक्सल स्मार्टफोन का निर्माण भारत में करने का गूगल का निर्णय सरकार की ‘मेड इन इंडिया’ नीति के लिए बड़ी उपलब्धि है.”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 19, 2023 07:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

